अनिल अग्रवाल की माइनिंग कंपनी वेदांता लिमिटेड अपने अप्रैल-जून 2026 तिमाही के वित्तीय नतीजे आज, 30 जुलाई को जारी करने वाली है। इस रिलीज से पहले कंपनी के शेयर में हल्की गिरावट है। BSE पर दिन में शेयर पिछले बंद भाव से 0.41 प्रतिशत तक टूटकर 263.40 रुपये के लो तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। दिन में होने वाली बोर्ड मीटिंग में वेदांता के नतीजों पर चर्चा की जाएगी और मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद नतीजे जारी किए जाएंगे।
कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 54.72 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में वेदांता का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 7,691 करोड़ रुपये रहा था। शुद्ध मुनाफा 6,882 करोड़ रुपये रहा था। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 24,252 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 17,726 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
वेदांता पावर, वेदांता आयरन एंड स्टील और वेदांता ऑयल एंड गैस
एक दिन पहले वेदांता से हाल ही में अलग हुईं 4 कंपनियों में से 3 ने तिमाही नतीजे जारी किए थे। ये कंपनियां हैं- वेदांता आयरन एंड स्टील, वेदांता पावर और वेदांता ऑयल एंड गैस। इन कंपनियों के जून 2026 तिमाही के नतीजे एक स्वतंत्र रूप से सूचीबद्ध कंपनी के तौर पर पहली बार आए हैं। तिमाही के दौरान वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 122 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी को 142 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू बढ़कर 3,662 करोड़ रुपये हो गया। जून 2025 तिमाही में यह 3,095 करोड़ रुपये था।
वेदांता पावर लिमिटेड को अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर 449 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। एक साल पहले कंपनी 75 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी। कुल आय बढ़कर 1,844 करोड़ रुपये हो गई, जो जून 2025 तिमाही में 1,734 करोड़ रुपये से अधिक रही थी। वेदांता ऑयल एंड गैस का जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 945 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2,507 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
डीमर्जर के बाद निकलीं 4 कंपनियों की जून में हुई थी लिस्टिंग
डीमर्जर के तहत वेदांता लिमिटेड से अलग हुई 4 कंपनियों- वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड, वेदांता पावर लिमिटेड, वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड और वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड की 15 जून 2026 को शेयर बाजार में लिस्टिंग हुई थी। डीमर्जर के बाद बेस मेटल कारोबार वेदांता लिमिटेड के तहत ही है। पहले से लिस्टेड वेदांता लिमिटेड के शेयर 30 अप्रैल 2026 से डीमर्जर के हिसाब से एडजस्ट होकर ट्रेड कर रहे हैं। 30 अप्रैल को स्टॉक की ट्रेडिंग BSE पर ₹290.50 और NSE पर ₹289.50 के एडजस्टेड प्राइस पर शुरू हुई थी। शेयर की एडजस्टेड कीमत का पता लगाने के लिए NSE और BSE पर एक स्पेशल प्री-ओपनिंग सेशन हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।