एसएमएल महिंद्रा के शेयर में 4 सितंबर को बाजार खुलते ही पंख लग गए। यह शेयर 10 फीसदी चढ़कर 6,298 रुपये पर बंद हुआ। 3 सितंबर को भी इस शेयर में जबर्दस्त तेजी आई थी। यह 7.5 फीसदी चढ़कर बंद हुआ था। एक हफ्ते में यह शेयर करीब 22 फीसदी चढ़ा है। शेयरों में तेजी की वजह कंपनी का एक बड़ा ऐलान है।
कंपनी ने बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने का बनाया प्लान
SML Mahindra के एक सीनियर एग्जिक्यूटिव ने कहा है कि कंपनी कमर्शियल व्हीकल मार्केट सेगमेंट में अपनी बाजार हिस्सेदारी FY31 तक बढ़ाकर 10-12 फीसदी करना चाहती है। अभी यह करीब 7.2 फीसदी है। कंपनी FY36 तक 20 फीसदी से ज्यादा बाजार हिस्सेदारी चाहती है। इस कंपनी में महिंद्रा एंड महिंद्रा की 58.96 फीसदी हिस्सेदारी है।
M&M ने SML Isuzu में खरीदी थी हिस्सेदारी
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने पिछले साल SML Isuzu में यह हिस्सेदारी खरीदी थी। उसने कंपनी का नाम बदलकर SML Mahindra कर दिया था। यह कंपनी कमर्शियल व्हीकल बनाती है। 3 सितंबर को यह शेयर 7.6 फीसदी चढ़कर 5,725 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी की नजरें भारत में तेजी से बढ़ते कमर्शियल व्हीकल्स बाजार पर है।
एमएंडएम और एसएमएल महिंद्रा ने 16,000 बसें बेची
एसएमएल महिंद्रा के प्रेसिडेंट (ट्रक और बस) विनोद सहाय ने 2 सितंबर को पीटीआई को बताया कि कंपनी ने कुल बस पोर्टफोलियो में कम से कम 10 फीसदी हिस्सेदारी का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि एसएमएल महिंद्रा और महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मिलकर पिछले साल करीब 16,000 बसें बेची थी।
पिछले महीने कंपनी की सेल्स 40 फीसदी बढ़ी
अगस्त में कंपनी की सेल्स साल दर साल आधार पर 40 फीसदी बढ़कर 1,175 यूनिट्स रही। कार्गो व्हीकल्स की बिक्री 53 फीसदी बढ़ी। अप्रैल से अगस्त के बीच कंपनी की सेल्स साल दर साल आधार पर 14 फीसदी बढ़कर 8,216 यूनिट्स रही।
हाई सिंगल डिजिट में रह सकती है ग्रोथ
सहाय ने कहा कि इस वित्त वर्ष में ग्रोथ हाई सिंगल डिजिट में रह सकती है। इसकी वजह यह है कि रिप्लेसमेंट डिमांड बढ़ रही है। खासकर बड़े ट्रकों के मामले में ऐसा है। साथ ही देश की इकोनॉमी की रफ्तार भी अच्छी है। SML Mahindra के शेयर ने बीते 10 महीनों में निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है।
4 सितंबर को प्रमुख सूचकांक हरे निशान में
4 सितंबर को शेयर बाजार में रौनक लौटी। हालांकि, बाजार के प्रमुख सूचकांक दिन के हाई लेवल से काफी गिरकर बंद हुए। निफ्टी 0.10 फीसदी यानी 24 अंक चढ़कर 23,897 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.48 फीसदी यानी 362 अंक चढ़कर 76,515 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी और मिडकैप सूचकांक में गिरावट दिखी।