हालिया गिरावट में भी नहीं फिसले ये स्पेशियलिटी केमिकल स्टॉक्स, जानिए आपको इन पर क्यों रखनी चाहिए नजर

Specialty Chemical Stocks: गिरते बाजार के बीच दो स्पेशियलिटी केमिकल स्टॉक्स बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। मजबूत डिमांड, कैपेसिटी विस्तार और China+1 ट्रेंड इनकी ग्रोथ को सपोर्ट कर रहे हैं, जिससे ये निवेशकों की नजर में बने हुए हैं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 6:49 PM
Story continues below Advertisement
Aether Industries एडवांस इंटरमीडिएट्स और स्पेशियल्टी केमिकल्स बनाने वाली कंपनी है।

Specialty Chemical Stocks: पश्चिम एशिया संकट के चलते दुनियाभर के स्टॉक मार्केट्स में भारी उतार-चढ़ाव बना हुआ है। भारतीय बाजार भी इससे अछूता नहीं। ज्यादातर सेक्टर के साथ केमिकल सेक्टर भी दबाव में है। निफ्टी केमिकल्स इंडेक्स पिछले एक महीने में करीब 6.26% और साल 2026 में अब तक 11.1% गिर चुका है।

ऐसे माहौल में भी दो स्पेशियलिटी केमिकल स्टॉक्स लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और पॉजिटिव रिटर्न दे रहे हैं। आइए इनके बारे में जानते हैं और यह भी समझेंगे कि आपको इन पर क्यों नजर रखनी चाहिए।

NOCIL Limited


NOCIL देश की सबसे बड़ी रबर केमिकल बनाने वाली कंपनी है, जिसका मार्केट शेयर करीब 40% है। कंपनी कई स्पेशियलिटी केमिकल प्रोडक्ट्स बनाती है। इन्हें Pilfex, Pilnox, Pilgard और Pilcure ब्रांड नाम से बेचा जाता है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर में करीब 25% की तेजी आई है। तीन महीने में यह करीब 9% चढ़ा है।

इस प्रदर्शन की बड़ी वजह कंपनी की लगातार बढ़ती वॉल्यूम है। पिछले पांच तिमाहियों से कंपनी की वॉल्यूम ग्रोथ स्थिर बनी हुई है। Q3FY25 से Q3FY26 के बीच इसमें 6% से ज्यादा की बढ़त दर्ज हुई है।

NOCIL को घरेलू मांग से अच्छा सपोर्ट मिला है, खासकर GST 2.0 के बाद। हालांकि, एक्सपोर्ट डिमांड पर असर पड़ा है, जिसका कारण US टैरिफ और सीजनल फैक्टर्स हैं। कंपनी ने गुजरात के दहेज प्लांट में 250 करोड़ रुपये का कैपेक्स प्लान भी शुरू किया है, जिससे प्रोडक्शन क्षमता बढ़ेगी। यह प्लांट पेट्रोकेमिकल हब और पोर्ट के पास है, जिससे लागत कम और एफिशिएंसी ज्यादा रहती है।

चाइना+1 का फायदा

वैश्विक स्तर पर रबर की खपत लगातार बढ़ रही है। 2016 में 27.5 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 2024 में 31.9 मिलियन मीट्रिक टन हो गई है। इसमें करीब 3.5% हिस्सा रबर केमिकल्स का होता है। भारत, चीन और अमेरिका के बाद रबर प्रोडक्ट्स का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। साथ ही चाइना+1 रणनीति के चलते भारत को सप्लायर के तौर पर भी फायदा मिल रहा है। इसमें NOCIL जैसी कंपनियां आगे निकल सकती हैं।

हालांकि, वॉल्यूम बढ़ने के बावजूद प्राइसिंग प्रेशर के कारण कंपनी की रेवेन्यू में हल्की गिरावट आई है और मुनाफा भी थोड़ा कम हुआ है। कंपनी का ROCE 6.7% है, जो इंडस्ट्री के औसत 15.46% से कम है। वहीं, कंपनी का डिविडेंड यील्ड 1.23% है, जो इंडस्ट्री औसत 0.36% से बेहतर है। हालांकि, स्टॉक 43.2x PE पर ट्रेड कर रहा है, जो इसे प्रीमियम वैल्यूएशन पर रखता है।

Aether Industries

Aether Industries एडवांस इंटरमीडिएट्स और स्पेशियल्टी केमिकल्स बनाने वाली कंपनी है। यह ऐसे केमिकल्स बनाती है, जिसमें बहुत कम भारतीय कंपनियों से प्रतिस्पर्धा है। पिछले एक महीने में कंपनी का शेयर करीब 14.53% चढ़ा है। वहीं, 6 महीने के दौरान इसमें 49.64% तेजी आई है। इसका मौजूदा शेयर प्राइस 1,130 रुपये है, जो अपने 52वीक के हाई 1,250 के करीब है।

कंपनी ने अपने रेवेन्यू मिक्स को भी बदला है। पहले जहां फार्मा से करीब आधा रेवेन्यू आता था, अब यह घटकर करीब 31% रह गया है। वहीं ऑयल और गैस से रेवेन्यू 4.3% से बढ़कर 21.8% हो गया है। मटेरियल साइंस सेगमेंट का योगदान भी 9.8% से बढ़कर 18% हो गया है, जबकि एग्रोकेमिकल्स का हिस्सा भी बढ़ा है। कंपनी ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक केमिकल्स में भी एंट्री ली है, जो भविष्य के लिए बड़ा मौका हो सकता है।

तेजी से कारोबार का विस्तार

Aether Industries तेजी से विस्तार कर रही है। सूरत में Site 3++ शुरू हो चुका है, जबकि पनौली में Site 5 का निर्माण जारी है। कंपनी R&D पर भी अच्छा खर्च कर रही है और FY26 के पहले 9 महीनों में 61 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। तीसरी तिमाही में कंपनी की बिक्री 44% बढ़कर 317 करोड़ रुपये हो गई, जबकि मुनाफा 46% बढ़कर 64 करोड़ रुपये पहुंच गया।

हालांकि, कंपनी का ROCE करीब 10% है, जो इंडस्ट्री से कम है, और कंपनी डिविडेंड भी नहीं देती। स्टॉक का वैल्यूएशन भी काफी ऊंचा है। यह 65x PE और 4x PEG पर ट्रेड कर रहा है, जो इंडस्ट्री औसत से काफी ज्यादा है।

इन स्टॉक्स पर क्यों रखें नजर

NOCIL और Aether Industries इन स्टॉक्स पर नजर इसलिए रखनी चाहिए क्योंकि ये ऐसे समय में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं जब पूरा बाजार और केमिकल सेक्टर दबाव में है।

मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ, बिजनेस का विस्तार, नए सेगमेंट में एंट्री और चीन+1 जैसे ग्लोबल ट्रेंड इनकी ग्रोथ को सपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि वैल्यूएशन थोड़ा महंगा है। लेकिन लॉन्ग टर्म में इनकी कमाई बढ़ने की क्षमता इन्हें निवेश के लिहाज से अहम बनाती है। ऐसे में आपको इन स्टॉक्स को अपनी वॉच लिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए।

Stocks to Buy: इन 6 स्टॉक्स पर ब्रोकरेज बुलिश, मिल सकता है 62% तक रिटर्न

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।