Spectrum Talent Management IPO Listing: एंप्लॉयीज मुहैया कराने वाली दिग्गज कंपनी स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट (Spectrum Talent Management) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में फीकी एंट्री हुई। इसके 105 करोड़ रुपये के इश्यू को खुदरा निवेशकों के दम पर शानदार रिस्पांस हासिल हुआ था। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर 173 रुपये के भाव पर जारी हुए हैं और अब इसकी एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म NSE-SME पर 155 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग पर 10 फीसदी का घाटा हुआ। लिस्टिंग के बाद भी शेयरों की गिरावट नहीं थमी और लोअर सर्किट पर आ गया। आज यह इसी लोअर सर्किट 147.25 रुपये (Spectrum Talent Management Share Price) पर बंद हुआ है।
Spectrum Talent Management IPO को शानदार रिस्पांस
स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट के 105.14 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों को शानदार रिस्पांस मिला था। यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 9 जून से 14 जून के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। यह इश्यू 12.27 गुना सब्सक्राइब हुआ था जिसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का हिस्सा 11.21 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स का 11.68 गुना और खुदरा निवेशकों का 13.10 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 51,85,600 नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के जरिए 8.92 लाख शेयरों की बिक्री हुई है। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, अधिग्रहण, इश्यू से जुड़े खर्चों को चुकाने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट ह्यूमन रिसोर्सेज और स्टॉफिंग सर्विसेज मुहैया कराती है। यह पेरोल, रिक्रूटमेंट, ऑनबोर्डिंग और फ्लेक्सिबल स्टॉफिंग जैसी सर्विसेज देती है। देश-विदेश में इसके 275 से अधिक क्लाइंट्स हैं। दिसंबर 2022 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक इसने अब तक क्लाइंट्स के लिए 15606 एंप्लॉयीज को नियुक्त किया है। यह कंपनी 2012 से काम कर रही है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2020 में इसे 6.76 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जोकि अगले वित्त वर्ष 2021 में घटकर 4.76 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि फिर स्थिति सुधरी और अगले ही वित्त वर्ष 2022 में यह उछलकर 155.2 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 के अप्रैल-दिसंबर 2022 में 199.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।