Urban Enviro Waste Management IPO Listing: कचरा उठाने वाली दिग्गज कंपनी अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट (Urban Enviro Waste Management) के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और अब इसके शेयरों की मार्केट में भी धांसू एंट्री हुई है। इसका आईपीओ 255.49 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसके शेयर 100 रुपये में जारी हुए थे और अब एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म NSE-SME पर यह 141 रुपये पर लिस्ट हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 41 फीसदी लिस्टिंग गेन मिला। लिस्टिंग के बाद भी शेयरों की चाल धीमी नहीं हुई और सीधे अपर सर्किट पर पहुंच गया। आज यह 148.05 रुपये (Urban Enviro Waste Management Share Price) के अपर सर्किट पर बंद हुआ है। इस प्रकार पहले दिन हर शेयर पर निवेशकों को करीब 48.05 रुपये का फायदा मिला।
Urban Enviro Waste Management IPO को जमकर बोली
अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट के 11.42 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों को शानदार रिस्पांस मिला था। 12 जून से 14 जून के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला यह इश्यू ओवरऑल 255.49 गुना सब्सक्राइब हुआ था जिसमें खुदरा निवेशकों का हिस्सा 220.65 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 9.20 लाख नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के जरिए 2,22,400 शेयरों की बिक्री हुई है। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
यह कंपनी वेस्ट मैनेजमेंट सॉल्यूशन्स और म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज मुहैया कराती है। कंपनी गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के शहरों में कचरे को कलेक्ट कर उसे प्रोसेस करती है। इसके अलावा यह कंपनी अलग-अलग इंडस्ट्रीज और ऑर्गेनाइजेशन्स को स्टॉफ, वर्क्स, स्किल्ड/सेमी-स्किल्ड लेबर मुहैया कराती है। इसके मौजूदा प्रोजेक्ट की बात करें तो यह जयपुर नगर निगम, अंकलेश्वर, नीरि, मिहान इंडिया, एचएचडीसी, इंदिरा सागर पावर स्टेशन के लिए काम कर रही है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 75.07 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। अगले वित्त वर्ष 2021 में यह बढ़कर 82.88 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2022 में 1.29 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2023 के शुरुआती नौ महीनों अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसे 1.06 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।