प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन स्पाइसजेट के बोर्ड ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 3000 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने आज 23 जुलाई को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी। इस खबर के बीच आज एयरलाइन के शेयरों में 7 फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 3.48 फीसदी की बढ़त के साथ 56.72 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 4500 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 77.50 रुपये और 52-वीक लो 29 रुपये है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 92 फीसदी की तेजी आई है।
