Spinaroo Commercial IPO Listing: पेपर कप-प्लेट बनाने वाली स्पिनरू कॉमर्शियल के शेयरों की आज BSE SME पर प्रीमियम भाव पर एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.52 गुना बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 51 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज इसकी 52.85 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 3.63 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Spinaroo Commercial Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 55.00 रुपये (Spinaroo Commercial Share Price) पर पहुंच गया। दिन के आखिरी में यह 54.85 रुपये पर बंद हुआ है यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक अब 7.55 फीसदी मुनाफे में हैं।
Spinaroo Commercial IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
स्पिनरू कॉमर्शियल का ₹10.17 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28 मार्च से 3 अप्रैल तक खुला था। यह आईपीओ ओवरऑल 1.52 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 1.2 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 19.94 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से 7.13 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Spinaroo Commercial के बारे में
अगस्त 2012 में बनी स्पिनरू कॉमर्शियल एलुमिनियम फॉइल के कंटेनर्स, एलुमिनियम होम फॉइल, पेपर कप, पेपर प्लेट, पेपर बाउल और पेपर कप के लिए सेमी-प्रोसेस्ड मैटेरियल्स बनाती है। यह पेपर कप से जुड़ी मशीनरी जैसे कि हाई-स्पीड पेपर कप बनाने वाली मशीन, फ्लेक्सो प्रिंटिंग मशीन और ऑटोमैटिक रोल डाई-कटिंग मशीन बनाती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 5.2 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 9.3 लाख रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 1.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी के रेवेन्यू में उतार-चढ़ाव रहा। वित्त वर्ष 2022 में इसे 47.58 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2023 में 53.19 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 41.21 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ। पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2024 में इसे 6.1 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा और 21.02 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था।