LTIMindtree Share Price: एलएंडटी (L&T) की आईटी सर्विसेज और कंसल्टिंग कंपनी एलटीआईमाइंडट्री के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव दिखा लेकिन फिर इसमें अच्छी रिकवरी भी हुई। इसके शेयरों में यह उतार-चढ़ाव कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के चलते है जिसने इसका टारगेट प्राइस घटाया तो है लेकिन यह भी कहा कि इसकी रेटिंग में कोई बदलाव नहीं किया है। शेयरों की बात करें तो इसके शेयर आज BSE पर इंट्रा-डे में 0.88 फीसदी की गिरावट के साथ 5160.90 रुपये पर आ गए थे जबकि इंट्रा-डे में यह 1.22 फीसदी उछलकर 5270.40 रुपये तक पहुंचा था। दिन के आखिरी में यह 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 5197.95 रुपये पर बंद हुआ है। इसके शेयर इस साल 2024 में अब तक 17 फीसदी टूटे हैं।
अब कितना है LTIMindtree का टारगेट प्राइस
ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के मुताबिक एलटीआईमाइंडट्री का शेयर 10 फीसदी और फिसलता है तो यह आकर्षक लेवल पर आ जाएगा। ब्रोकरेज ने इसकी रिड्यूस रेटिंग में कोई बदलाव नहीं किया है लेकिन टारगेट प्राइस घटा दिया है। अब इसका टारगेट प्राइस 5500 रुपये से घटकर 5375 रुपये कर दिया गया है। घरेलू ब्रोकरेज ने अपने FY2025-26 प्रति शेयर आय (EPS) अनुमान को 3-4% घटा दिया है। ब्रोकरेज ने FY2025 के रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान को 9.8% से घटाकर7.2% और FY2026 के अनुमान को 13.2% से घटाकर 11.9% कर दिया है। ब्रोकरेज ने FY2026 EBIT मार्जिन में भी 30 बेसिस प्वाइंट यानी 0.30 फीसदी की कटौती कर 16.9% कर दिया है।
मैनेजमेंट के इस्तीफे से लग रहा झटका
ब्रोकरेज का कहना है कि एलटीआईमाइंडट्री पर सीनियर मैनेजमेंट के लगातार इस्तीफे का झटका अभी जारी रहेगा। हालांकि विलय के बाद अहम लीडर्स का कंपनी छोड़ना चौंकाने वाला कदम नहीं था और अगर एक से दो तिमाही ही इसका झटका रहता तो फटाफट बदलाव अच्छा रहता। हालांकि मैनेजमेंट ने रिस्क कम करने के लिए अकामोडेटिव रुख अपनाया जिससे रिस्क और बढ़ गया। इसके चलते सीनियर मैनेजमेंट पोजिशन पर कई इस्तीफे हुए और अस्थिरता बढ़ी। इससे रेवेन्यू बढ़ाने पर कंपनी का जो फोकस था, उस पर असर पड़ा। इसके अलावा मर्जर से जो फायदा मिलना चाहिए था, उस पर भी असर पड़ा।
सीनियर मैनेजमेंट टीम में कम स्थिरता के अलावा कुछ और फैक्टर्स भी माहौल निगेटिव कर रहे हैं जैसे कि इस साल 2024 में डिस्क्रेशनरी स्पेंडिंग कमजोर रहने के आसार हैं, कुछ अहम क्लाइंट्स रीस्ट्रक्चरिंग कर रहे हैं और उनका फोकस लागत कम करने पर है। हालांकि ब्रोकरेज का यह भी कहना है कि अच्छे क्लाइंट्स, स्केलेबल वर्टिकल के लिए बड़े एक्सपोजर के साथ-साथ एक अनुभवी और प्रतिष्ठित लीडरशिप टीम के दम पर इसकी ग्रोथ में अच्छी रिकवरी हो सकती है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।