Stock in Focus: रेलटेल कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया को दो नए ऑर्डर मिले हैं। इनकी कुल कीमत ₹186.51 करोड़ है। इनमें सबसे बड़ा ऑर्डर रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), सिकंदराबाद से मिला है। इसके तहत रेलटेल भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी सेवाएं देगी। दूसरा ऑर्डर आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ा है।
रेलवे भर्ती बोर्ड से मिला ₹167.52 करोड़ का ऑर्डर
रेलवे भर्ती बोर्ड से मिले ऑर्डर की कीमत टैक्स के बिना ₹167.52 करोड़ है। इसके तहत रेलटेल को भर्ती परीक्षाओं से पहले और बाद की सेवाएं देनी होंगी। ये परीक्षाएं रेलवे भर्ती बोर्ड की अलग-अलग सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (CEN) के तहत होंगी। यह कॉन्ट्रैक्ट 15 अक्टूबर 2031 तक चलेगा।
हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी से भी मिला ऑर्डर
रेलटेल को दूसरा ऑर्डर हेल्थ इंश्योरेंस टीपीए ऑफ इंडिया लिमिटेड से मिला है। इसकी कीमत टैक्स सहित ₹18.99 करोड़ है। इसके तहत कंपनी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी सेवाएं देगी। यह कॉन्ट्रैक्ट तीन साल का है और 16 अक्टूबर 2029 तक चलेगा।
हाल में भी मिले हैं कई बड़े ऑर्डर
रेलटेल को पिछले कुछ महीनों में कई और ऑर्डर मिले हैं। 13 अक्टूबर को ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने कंपनी को ₹49 करोड़ का काम दिया था। इसके तहत रेलटेल को डिजिटल गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के लिए 83 डिजिटल एप्लिकेशन मॉड्यूल बनाने हैं।
इससे पहले अगस्त में वेस्टर्न कोलफील्ड्स से ₹165 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट मिला था। इसमें रेलटेल को 60 महीने के लिए MPLS VPN नेटवर्क तैयार करना है। यह नेटवर्क किराये के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। कॉन्ट्रैक्ट 20 सितंबर 2031 तक चलेगा।
अगस्त में ही कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) से भी ₹166.8 करोड़ का ऑर्डर मिला था। इसके तहत रेलटेल की मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर-एज-ए-सर्विस (IaaS) व्यवस्था को एक साल के लिए बढ़ाया गया है। यह व्यवस्था 9 फरवरी 2027 तक चलेगी।
शुक्रवार, 16 अक्टूबर को बीएसई पर रेलटेल का शेयर 0.57% चढ़कर ₹255.05 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 23.90% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 8.17 हजार करोड़ रुपये है।
रेलटेल रेल मंत्रालय के अधीन आने वाली नवरत्न सरकारी कंपनी है। यह टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सेवाओं और टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।