Stock in Focus: रेलवे से डिफेंस तक... इन 6 कंपनियों को मिले बड़े ऑर्डर, 22 जून को शेयरों पर रहेगी नजर
Stock in Focus: रेलवे, डिफेंस, डेटा सेंटर, शिपबिल्डिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर की 6 कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिले हैं। इन कंपनियों के शेयर सोमवार को निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं। जानिए डिटेल।
डिफेंस कंपनी Bharat Forge को रक्षा मंत्रालय से 425 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है।
Stock in Focus: रेलवे, डिफेंस, डेटा सेंटर, पावर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर से जुड़ी कंपनियों को बड़े ऑर्डर मिले हैं। इनसे कंपनियों की ऑर्डर बुक और रेवेन्यू को सहारा मिलने की उम्मीद है। यही वजह है कि सोमवार के कारोबार में इन शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रह सकती है।
Knowledge Marine
इंजीनियरिंग कंपनी Knowledge Marine & Engineering Works (KMEW) को Inland Waterways Authority of India (IWAI) से 66.11 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी 20 यात्रियों की क्षमता वाली 10 हाइब्रिड इलेक्ट्रिक फेरी बनाएगी। ऑर्डर में मैन्युफैक्चरिंग के साथ 5 साल का मेंटेनेंस भी शामिल है। यह KMEW का पहला बाहरी कमर्शियल शिपबिल्डिंग ऑर्डर है। इसके जरिए कंपनी ग्रीन शिपबिल्डिंग सेगमेंट में भी कदम रख रही है।
इस बीच SBI Funds Management ने कंपनी में 1.64% हिस्सेदारी खरीदी है। वहीं प्रमोटर्स ने ब्लॉक डील के जरिए कुछ हिस्सेदारी बेची है। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.91% की बढ़त के साथ 2,072.90 रुपये पर बंद हुआ।
Power Mech
बिजली कंपनी Power Mech Projects को JSW Thermal Energy से 1,008.90 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी पश्चिम बंगाल के सालबोनी में बन रहे 2x800 मेगावाट के थर्मल पावर प्रोजेक्ट में सिविल और स्ट्रक्चरल काम करेगी। इस प्रोजेक्ट को 36 महीने में पूरा करना है।
यह हाल के दिनों में कंपनी को मिला दूसरा बड़ा ऑर्डर है। इससे पहले जून में Adani Infrastructure Management Services से 266 करोड़ रुपये मिला था। अप्रैल में मुंबई मोनोरेल के संचालन-रखरखाव के लिए 296 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला था। शुक्रवार को Power Mech Projects का शेयर NSE पर 1.24% की बढ़त के साथ 2,849 रुपये पर बंद हुआ।
RVNL
सरकारी रेल कंपनी RVNL को एक अन्य सरकारी कंपनी NMDC से 2,977 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में 10 मिलियन टन सालाना क्षमता वाला बफर स्टॉकपाइल और ब्लेंडिंग यार्ड बनाएगी। यह प्रोजेक्ट NMDC की लॉजिस्टिक्स क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा। साथ ही लौह अयस्क और दूसरे कच्चे माल की ढुलाई व हैंडलिंग को भी आसान बनाएगा।
प्रोजेक्ट को 42 महीने में पूरा करना है। बफर स्टॉकपाइल और ब्लेंडिंग यार्ड की मदद से स्टॉक का बेहतर मैनेजमेंट किया जा सकता है। इससे ग्राहकों को एक जैसी गुणवत्ता वाला माल उपलब्ध कराने में भी मदद मिलती है। RVNL के शेयरों में शुक्रवार को 1.32% की गिरावट आई थी और ये 244.31 रुपये पर बंद हुए थे।
Kirloskar Oil
इंजन बनाने वाली Kirloskar Oil Engines (KOEL) को HyperNext से भारत में बन रहे एक बड़े डेटा सेंटर प्रोजेक्ट के लिए ऑर्डर मिला है। कंपनी 192 मेगावाट क्षमता के पावर जनरेशन सिस्टम उपलब्ध कराएगी। इसके तहत KOEL के 2500 kVA Optiprime Dual Core सिस्टम की 96 यूनिट लगाई जाएंगी। इनका इस्तेमाल AI, क्लाउड कंप्यूटिंग और बड़े डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को बिजली बैकअप देने के लिए होगा।
कंपनी का कहना है कि AI और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती मांग के बीच डेटा सेंटरों को मजबूत बैकअप पावर सिस्टम की जरूरत है। शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.83% की बढ़त के साथ 2,000 रुपये पर बंद हुआ।
Bharat Forge
डिफेंस कंपनी Bharat Forge को रक्षा मंत्रालय से 425 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। कंपनी भारतीय नौसेना के कोलकाता-क्लास युद्धपोतों के लिए Gas Turbine Generators (GTGs) की सप्लाई करेगी। ये 1.25 मेगावाट क्षमता वाले सिस्टम जहाजों पर बिजली उत्पादन के लिए इस्तेमाल होंगे और मौजूदा कम क्षमता वाले सिस्टम की जगह लेंगे। इस ऑर्डर को अगले 5 साल में पूरा किया जाएगा।
इससे एक दिन पहले Bharat Forge की रक्षा इकाई Kalyani Strategic Systems ने अमेरिकी कंपनी AM General के साथ साझेदारी की थी। दोनों कंपनियां दुनिया भर की सेनाओं के लिए 155mm आर्टिलरी गन प्लेटफॉर्म पेश करेंगी। शुक्रवार को Bharat Forge का शेयर 1.45% की बढ़त के साथ 2,048 रुपये पर बंद हुआ।
Tata Motors CV
टाटा ग्रुप की Tata Motors CV को 3,400 से ज्यादा इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स (eCV) के ऑर्डर मिले हैं। इनमें करीब 2,000 छोटे कमर्शियल व्हीकल और पिक-अप, 900 ट्रक और 500 बसें शामिल हैं। इन गाड़ियों का इस्तेमाल ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, FMCG, सीमेंट, स्टील, माइनिंग, एयरपोर्ट ऑपरेशन्स और यात्री परिवहन जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को अपनाए जाने का संकेत है।
हाल ही में कंपनी ने पुराने ट्रकों और बसों को बदलने की सरकारी योजना में शामिल होने के लिए MoRTH के साथ समझौता किया है। शुक्रवार को Tata Motors का शेयर 401.95 रुपये पर बंद हुआ।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।