लगातार 2 कारोबारी सत्रों में बढ़त देखने के बाद भारतीय शेयर बाजार 19 अक्टूबर को लाल निशान में बंद हुए। महानवमी के मौके पर सेंसेक्स 876.37 अंक या 1.17 प्रतिशत गिरकर 73,852.90 पर बंद हुआ। निफ्टी 257.20 अंक या 1.11 प्रतिशत टूटकर 22,888.95 पर सेटल हुआ। दिन में सेंसेक्स पिछले बंद भाव से 1020.73 अंक तक गिरकर 73,708.54 के लो तक गया। निफ्टी पिछली क्लोजिंग से 301 अंक तक फिसलकर 22,845 के लो तक गया।
इस बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5.64 लाख करोड़ रुपये घट गया। शुक्रवार को शेयर मार्केट बंद होने पर BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 473.46 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा था। सोमवार को मार्केट बंद होने पर यह 467.82 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज किया गया। यानि कि 5.64 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमी।
निफ्टी पर PSU BANK को छोड़कर दूसरे सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा 1.85 प्रतिशत की गिरावट प्राइवेट बैंक इंडेक्स में दिखी। निफ्टी पर JSW स्टील, ONGC, SBI, L&T, आयशर मोटर्स टॉप गेनर रहे। वहीं एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स PV, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज टॉप लूजर रहे।
शुक्रवार को कैसी रही थी चाल
आईटी कंपनियों के शेयरों में तगड़ी खरीदारी और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों से शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शेयर बाजारों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त देखी गई थी। सेंसेक्स 413.66 अंक या 0.56 प्रतिशत बढ़कर 74,729.27 पर बंद हुआ था। निफ्टी 148.80 अंक या 0.65 प्रतिशत बढ़कर 23,146.15 पर बंद हुआ था। बीते सप्ताह सेंसेक्स में 2,256.94 अंक या 3.11 प्रतिशत और निफ्टी में 625.7 अंक या 2.77 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
रुपया सोमवार को अमेरिकी मुद्रा डॉलर के मुकाबले 3 पैसे टूटकर 94.92 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। शुक्रवार को भारतीय करेंसी 10 पैसे मजबूत होकर 94.89 प्रति डॉलर पर बंद हुई थी। दुनिया की 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.83 पर रहा था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।