Stock Market Crash: दुनिया के अधिकतर बाजारों से बिकवाली के दबावों के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में भी आज कमजोर शुरुआत हुई। अमेरिका और ईरान के बीच फिर तनाव बढ़ने के चलते कच्चा तेल उबला तो इसकी आंच में घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी 50 भी झुलस गए। ब्रोडर लेवल पर भी कोहराम मचा हुआ है और मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भी बिकवाली का भारी दबाव है। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब 1-1% की गिरावट है। सेक्टरवाइज निफ्टी फार्मा में हल्की तेजी है तो दूसरी तरफ शुरुआती कारोबार में ऑटो, आईटी, मेटल और रियल्टी के निफ्टी इंडेक्सेज में डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक की गिरावट है। पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक के निफ्टी इंडेक्स में आधे-आधे फीसदी से अधिक की गिरावट है तो निफ्टी एफएमसीजी भी 1% से अधिक टूट गया है।
