Sensex-Nifty opens red: वैश्विक मार्केट से कमजोर संकेतों के बीच घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी भी ढह गए हैं। लगातार सात दिनों से निफ्टी 25 हजार के पार नई ऊंचाई पर बंद हो रहा था। अभी भी यह 25 हजार के पार ही है लेकिन इसमें भारी गिरावट है। एक कारोबारी दिन पहले भी बेयर्स दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे और दिन के आखिरी में लगभग फ्लैट ही बंद हुआ था। निफ्टी के सभी सेक्टर के इंडेक्स रेड हैं। सबसे अधिक गिरावट आईटी, मेटल और पीएसयू बैंक में हैं और इनके इंडेक्स में 1-1 फीसदी से अधिक गिरावट है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली का तेज दबाव है।
ओवरऑल बात करें तो BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 3.10 लाख करोड़ रुपये घट गया है यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही 3.10 लाख करोड़ रुपये घट गई है। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) फिलहाल 594.38 प्वाइंट्स यानी 0.72 फीसदी की गिरावट के साथ 81,961.06 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 190.05 प्वाइंट्स यानी 0.75 फीसदी की फिसलन के साथ 25,089.80 पर है। एक कारोबारी दिन पहले सेंसेक्स 82,555.44 और निफ्टी 25,279.85 पर बंद हुआ था।
निवेशकों की दौलत में 3.10 लाख करोड़ रुपये की गिरावट
एक कारोबारी दिन पहले यानी 3 सितंबर 2024 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 4,65,54,886.40 करोड़ रुपये था। आज यानी 4 सितंबर 2024 को मार्केट खुलते ही यह 4,62,44,580.67 करोड़ रुपये रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी 3,10,305.73 करोड़ रुपये घट गई है।
Sensex के सिर्फ 3 शेयर ग्रीन जोन में
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें 3 ही ग्रीन जोन में हैं। सिर्फ एशियन पेंट, नेस्ले और सनफार्मा ही ग्रीन जोन में है। वहीं दूसरी तरफ टेक महिंद्रा, इंफोसिस और टाटा स्टील में सबसे तेज गिरावट है। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
बीएसई पर आज 2654 शेयरों की ट्रेडिंग हो रही है। इसमें 769 शेयर मजबूत दिख रहे हैं तो 1735 में गिरावट का रुझान है और 150 में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। इसके अलावा 61 शेयर एक साल के हाई और 16 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 63 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 57 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।