Stock Market News: क्रूड की कीमतें 15% तक क्रैश, रॉकेट बन सकते हैं इन कंपनियों के शेयर

क्रूड में गिरावट भारत के लिए अच्छी खबर है। यह उन कंपनियों के लिए भी अच्छी खबर है, जो उत्पादन में क्रूड का इस्तेमाल करती हैं। ऐसी कंपनियों के शेयरों में 8 अप्रैल को जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर क्रूड में नरमी बनी रहती है तो इन शेयरों में तेजी जारी रहेगी

अपडेटेड Apr 08, 2026 पर 1:52 PM
Story continues below Advertisement
Interglobe Aviation के शेयरों को 8 अप्रैल को पंख लग गए। दोपहर में यह शेयर 9.02 फीसदी उछाल के साथ 4,654 रुपये पर चल रहा था।

मध्यपूर्व में सीजफायर के एलान का असर शेयरों से लेकर कमोडिटी तक की कीमतों पर पड़ा। 8 अप्रैल को शेयर बाजार जबर्दस्त तेजी के साथ खुले। सोने और चांदी में भी तेजी देखने को मिली। क्रूड में बड़ी गिरावट आई। डब्ल्यूटीआई क्रूड तो 15 फीसदी तक फिसल गया। ब्रेंट क्रूड 13 फीसदी से ज्यादा फिसला। क्रूड में गिरावट भारत के लिए अच्छी खबर है। यह उन कंपनियों के लिए भी अच्छी खबर है, जो उत्पादन में क्रूड का इस्तेमाल करती हैं। ऐसी कंपनियों के शेयरों में जबर्दस्त तेजी देखने को मिली। एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रूड में नरमी से इन शेयरों में आगे भी तेजी देखने को मिल सकती है।

मध्यपूर्व में सीजफायर की खबर से क्रूड में बड़ी गिरावट

क्रूड में उछाल का असर पिछले कुछ हफ्तों में कई सेक्टर की कंपनियों पर पड़ा था। इनमें ऑयल मार्केटिंग कंपनियां, पेंट्स, टायर और एयरलाइंस कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी। दरअसल, क्रूड में उछाल से इन कंपनियों की प्रोडक्शन कॉस्ट बढ़ी थी। उधर, एविएशन कंपनियों का एटीएफ पर होने वाला खर्च काफी बढ़ गया था। मध्यपूर्व में संघर्षविराम से इन कंपनियों ने राहत की सांस ली है। 8 अप्रैल को इन कंपनियों के शेयरों में उछाल देखने को मिला।


इंटरग्लोबल एविएशन का शेयर 9 फीसदी उछला

Interglobe Aviation के शेयरों को 8 अप्रैल को पंख लग गए। दोपहर में यह शेयर 9.02 फीसदी उछाल के साथ 4,654 रुपये पर चल रहा था। सस्ते क्रूड से कंपनी की ऑपरेशनल कॉस्ट में कमी आएगी, जिससे उसका मार्जिन बढ़ेगा। 28 फरवरी को मध्यपूर्व में लड़ाई शुरू होन के बाद से इस शेयर में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। अगर क्रूड में और नरमी आती है तो यह एविएशन कंपनियों के लिए अच्छा होगा। 8 अप्रैल को SpiceJet के शेयरों में भी तेजी दिखी। 5 फीसदी चढ़ने के बाद इस शेयर में अपर सर्किट लग गया।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भी उछाल

IOC, BPCL, HPCL के शेयरों में 8 अप्रैल को बड़ी तेजी दिखी। महंगे क्रूड ने इन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की मुश्किल बढ़ा दी थी। इन कंपनियों को कॉस्ट से कम कीमत पर पेट्रोल और डीजल बेचना पड़ रहा था। इसका असर उनके मार्जिन पर पड़ रहा था। क्रूड की कीमतों में बड़ी गिरावट इन कंपनियों के लिए अच्छी खबर है। 8 अप्रैल को इन कंपनियों के शेयरों में उछाल देखने को मिला। आईओसी का शेयर 8 अप्रैल को दोपहर में 6.59 फीसदी उछाल के साथ 143 रुपये पर चल रहा था। एचपीसीएल का शेयर 9.57 फीसदी की तेजी के साथ 363 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। बीपीसीएल का शेयर करीब 7 फीसदी उछाल के साथ 296.80 रुपये पर चल रहा था।

यह भी पढ़ें: मध्यपूर्व में सीजफायर के बाद शेयरों को लगे पंख, नीलेश शाह ने बताया इनवेस्टर्स को क्या करना चाहिए

पेंट और टायर कंपनियों के शेयरों की चमक भी बढ़ी

पेंट कंपनियों के शेयरों पर भी क्रूड में गिरावट का असर दिखा। पेंट कंपनियां उत्पादन में क्रूड ऑयल का इस्तेमाल करती हैं। Asian Paints का शेयर दोपहर में 3.87 फीसदी के उछाल के साथ 2,271 रुपये पर चल रहा था। Kansai Nerolac Paints का शेयर 5.19 फीसदी उछाल के साथ 187.61 रुपये पर चल रहा था। 8 अप्रैल को टायर कंपनियों के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। टायर कंपनियां उत्पादन में क्रूड ऑयल का इस्तेमाल करती हैं। Ceat का शेयर 4.99 फीसदी के उछाल 3,552 रुपये पर चल रहा था। Apollo Tyers का शेयर 4.78 फीसदी की तेजी के साथ 432 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। MRF का शेयर 5.06 फीसदी की तेजी के साथ 1,33,655 रुपये पर चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।