आज सोमवार, 19 अगस्त को पूरे देश में रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है। भाई-बहन के इस त्योहार पर शेयर बाजार ओपन है। रक्षाबंधन पर शेयर बाजार में छुट्टी नहीं है। लिहाजा ट्रेडर्स बीएसई और एनएसई पर बाकी कारोबारी दिनों की तरह ही शेयरों की खरीद-फरोख्त कर सकते हैं। कुछ सार्वजनिक अवकाशों के अलावा शेयर बाजार हर शनिवार और रविवार को बंद रहते हैं।
अगस्त महीने में शनिवार और रविवार के अलावा शेयर मार्केट में केवल एक ही सार्वजनिक अवकाश था और वह 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का था। बाकी बचे अगस्त में 18 अगस्त को रविवार, 24 अगस्त को शनिवार और 25 अगस्त को रविवार की छुट्टी के चलते बाजार बंद रहेंगे।
आगे शनिवार और रविवार के अलावा और कितनी छुट्टियां
इस साल अगस्त के बाद के महीनों में शेयर बाजार और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) शनिवार, रविवार के अलावा और किन अवकाशों पर बंद रहेंगे, उसकी डिटेल इस तरह है-
2 अक्टूबर: महात्मा गांधी जयंती
1 नवंबर: दिवाली-लक्ष्मी पूजन
15 नवंबर: गुरु नानक जयंती
शुक्रवार को 2 सप्ताह के हाई पर बंद हुए बाजार
बीते सप्ताह, बीएसई सेंसेक्स में 730.93 अंक या 0.91 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि एनएसई निफ्टी 173.65 अंक या 0.71 प्रतिशत मजबूत हुआ। शुक्रवार 16 अगस्त को सेंसेक्स करीब 1,331 अंकों की छलांग के साथ दो सप्ताह के उच्चतम स्तर पर 80,436.84 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 397 अंक चढ़कर दो सप्ताह के उच्चतम स्तर 24,541.15 पर बंद हुआ। इसकी वजह रही अमेरिका में मंदी की आशंका कम होने से वैश्विक बाजारों में तेजी और स्थानीय शेयर बाजार में आईटी शेयरों में खरीदारी।
सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, ICICI बैंक और टाटा स्टील के शेयर सर्वाधिक बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में सिर्फ सन फार्मा में गिरावट रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।