Stock Market Rally: अमेरिकी बॉन्ड मार्केट में नरमी, एशियाई बाजारों में रौनक और निचले स्तर पर खरीदारी के चलते घरेलू स्टॉक मार्केट में भी आज काफी चहल-पहल दिख रही हैं। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 701 प्वाइंट्स उछल पड़ा तो निफ्टी भी 24250 के पार पहुंच गया और अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। लगातार सात कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद निफ्टी और चार कारोबारी दिनों की फिसलन के बाद आज सेंसेक्स मजबूत हुआ। ब्रोडर लेवल पर भी आज अच्छी रौनक है। निटी मिडकैप 100 आज 0.41% तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 भी 0.64% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज 20 अगस्त को सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स (Sensex) 628.04 प्वाइंट्स यानी 0.82% के उछाल के साथ 77,537.72 और निफ्टी 153.55 प्वाइंट्स यानी 0.64% की बढ़त के साथ 24,231.85 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 701.43 प्वाइंट्स उछलकर 77,611.11 और निफ्टी 186.85 प्वाइंट्स चढ़कर 24,265.15 तक पहुंच गया था।
Stock Market Rally: ये है वजह
अमेरिका के ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने लॉन्ग टर्म बॉन्ड्स का बायबैक बढ़ाने का चौंकाने वाला फैसला किया तो लॉन्ग टर्म वाली ट्रेजरी बॉन्ड्स की यील्ड्स अचानक नीचे आ गई। इससे स्टॉक मार्केट में बहार छा गई। अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने सरकारी डेट बायबैक को कम से कम दोगुना करने का ऐलान किया है। इस ऐलान से 30-साल का ट्रेजरी बॉन्ड की फटाक से गिरकर 5.26% से 5.18% और 10-साल का ट्रेजरी यील्ड 4.68% से 4.63% पर आ गया। इसके नीचे आने से भारत जैसे एमर्जिंग मार्केट में निवेश और आकर्षक हो गया।
आईटी, प्राइवेट बैंक और एफएमसीजी सेक्टर से मजबूत सपोर्ट
सेक्टरवाइज मार्केट को आज आईटी, प्राइवेट बैंक और एफएमसीजी सेक्टर से सपोर्ट मिला और इनके निफ्टी इंडेक्स में आधे-आधे फीसदी से अधिक की बढ़त रही।
भारतीय स्टॉक मार्केट को अधिकतर एशियाई बाजारों में रौनक से सपोर्ट मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी आज 5% से अधिक तो इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट डेढ़ फीसदी से अधिक, जापान का निक्केई 225 एक फीसदी से अधिक और हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग करीब 1% मजबूत हुआ। वहीं सिंगापुर के स्ट्रेट टाइम्स में करीब आधे फीसदी की गिरावट आई तो ताइवान के ताइवान वेटेड में करीब आधे फीसदी की तेजी आई।
एक कारोबारी दिन पहले स्टॉक मार्केट की भयंकर मारकाट में आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, डाबर इंडिया, आईआरएफसी, यूपीएल, आईआरबी इंफ्रा, एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट जैसे दिग्गजों समेत 100 से अधिक स्टॉक्स एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गए थे। इसका फायदा निवेशकों ने उठाया जिससे भाव मजबूत हुए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।