Stocks to Sell: स्टॉक मार्केट में निवेश कितना बढ़ा है यानी कितने प्रॉफिट में हैं, यह ऊपर-नीचे होता रहता है। ऐसे में स्टॉक से बाहर निकलने की भी स्ट्रेटजी होनी चाहिए। ऐसे ही अलग-अलग सेक्टर की तीन कंपनियों के शेयरों को ब्रोकरेज ने बेचने की सलाह दी है। ये शेयर हैं- केईसी इंटरनेशनल (KEC International), हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड (Hindustan Uniliver Limited-HUL) और हीरो मोटोकार्प (Hero Motocorp)। ब्रोकरेज के मुताबिक इनके शेयर 24 फीसदी तक टूट सकते हैं। इसमें से एक शेयर आज ग्रीन जोन में हैं और बाकी दो रेड जोन में। इन तीनों शेयरों में निवेश को लेकर ब्रोकरेज की क्या स्ट्रैटेजी है, इसके बारे में एक-एक करके नीचे दिया जा रहा है।
केईसी इंटरनेशनल एक एमएनसी है। इलेक्ट्रिक पावर ट्रांसमिशन टावर बनाने वाली यह देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। इसके अलावा यह दुनिया की सबसे बड़ी पावर ट्रांसमिशन, इंजीनियरिंग, प्रोक्यूरमेंट और कंस्ट्रक्शन कंपनियों में शुमार है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक इसकी कारोबारी ग्रोथ आगे बेहतर दिख रही है लेकिन ऊंचे वैल्यूएशन, भारी कर्ज वाले बैलेंस शीट, वर्किंग कैपिटल में बढ़ोतरी और कमजोर मुनाफे के चलते रिड्यूस रेटिंग दी गई है।
ब्रोकरेज ने इसमें निवेश के लिए 433 रुपये का टारगेट फिक्स किया है जो मौजूदा लेवल से करीब 24 फीसदी डिस्काउंट पर हैं। इसके शेयर आज बीएसई पर 3.53 फीसदी की मजबूती के साथ 570.10 रुपये पर बंद हुए हैं।
एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड के शेयर आज बीएसई पर 1.28 फीसदी की गिरावट के साथ 2680.65 रुपये पर बंद हुए हैं। ब्रोकरेज एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक अभी यह 2450 रुपये तक यानी करीब 9 फीसदी टूट सकता है। इसके शेयरों को लेकर यह निगेटिव रुझान मार्जिन रिकवरी की तुलना में डिमांड पिकअप के ज्यादा सुस्त होने के आसार के चलते है। कच्चे माल की कीमतों में गिरावट पर कंपनी भाव कम कर रही है लेकिन आमतौर पर भाव कम होने और मांग बढ़ने में कम से कम 1-3 तिमाही का फर्क आता है।
इसके अलावा भाव कम होने पर रिटेलर्स भी स्टॉक कम रखते हैं, तो प्राइमरी ग्रोथ नियर टर्म में सेकंडरी ग्रोथ से पीछे रहेगी। ब्रोकरेज के मुताबिक कच्चे माल के भाव कम होने का फायदा ग्राहकों को भी दे रही है तो इसके विस्तार की रफ्तार सुस्त होगी। इसके अलावा वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी विज्ञापनों और प्रमोशन पर खर्च बढ़ाएगी। इन सब वजहों से ब्रोकरेज ने इसकी रिड्यूस रेटिंग बरकरार रखा है।
होंडा मोटर एंड स्कूटर इंडिया ने शाइन के 100सीसी मॉडल के जरिए 100 सीसी के एंट्री-लेवल सेगमेंट में एंट्री मारी है। ब्रोकरेज एचडीएफसी सिक्योरिटीज के मुताबिक इससे हीरो मोटोकॉर्प की इस सेगमेंट में हिस्सेदारी घट सकती है। अभी इस सेगमेंट में हीरो का दबदबा है और इसका करीब 78 फीसदी सेल्स वॉल्यूम इसी सेगमेंट से आता है और इस सेगमेंट में हीरो की 80 फीसदी हिस्सेदारी है।
125सीसी सेगमेंट में पहले ही इसका मार्केट शेयर वित्त वर्ष 2019 में 55 फीसदी से घटकर अब महज 21 फीसदी रह गया जिसे वापस हासिल करने में कंपनी सफल नहीं हो पा रही है। ऐसे में ब्रोकरेज ने होंडा की चुनौती को देखते हुए हीरो को की रेटिंग खरीदारी से घटाकर रिड्यूस कर दिया है और टारगेट 2512 रुपये पर फिक्स किया है। आज यह बीएसई पर 1.70 फीसदी की गिरावट के साथ 2783.15 रुपये पर बंद हुआ है और टारगेट के हिसाब से यह 6 फीसदी से अधिक फिसल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।