Railway Stocks: टीटागढ़ रेल सिस्टम्स (Titagarh Rail Systems- TRS) के शेयरों में दमदार तेजी दिखी। इसके शेयर आज इंट्रा-डे में बीएसई पर 13 फीसदी के उछाल के साथ 481.55 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। दो बड़े कांट्रैक्ट हासिल करने के चलते ट्रेन के डिब्बे (वेगन) बनाने वाली देश की इस सबसे बड़ी कंपनी के शेयरों में दमदार खरीदारी हुई। हालांकि मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई है। आज बीएसई पर यह 9.76 फीसदी की बढ़त के साथ 466.70 रुपये (Titagarh Rail Systems Share Price) पर बंद हुआ है। इसका फुल मार्केट कैप 5,580.38 करोड़ रुपये है।
Titagarh Rail Systems ने कौन-कौन से सौदा किए हासिल
टीटागढ़ रेल सिस्टम्स और रामकृष्ण फोर्जिंग्स (RK Forgings) के कंसोर्टियम ने 15.4 लाख फोर्ज्ड व्हील्स सप्लाई करने का कांट्रैक्ट हासिल किया है। यह कांट्रैक्ट रेलवे मिनिस्ट्री की मुहिम आत्मनिर्भर भारत के तहत मिला है। इस कंसोर्टियम को कांट्रैक्ट के तहत 20 साल की अवधि में ये फोर्ज्ड व्हील्स बनाकर सप्लाई करने हैं जिसमें से पहले साल 40 हजार, दूसरे साल 60 हजार और उसके बाद हर साल 80 हजार पहियों की सप्लाई होगी। यह सौदा करीब 12,226.5 करोड़ रुपये की है।
इसके अलावा टीटागढ़ रेल सिस्टम्स और भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के कंसोर्टियम को भी तगड़ा ऑर्डर हासिल हुआ है। इस कंसोर्टियम को रेलवे ने वंदे भारत की स्लीपर ट्रेनों के 90 सेट्स बनाने का कांट्रैक्ट दिया है। यह सौदा 2029 तक पूरा करना है। कंपनी ने इन कांट्रैक्ट को हासिल करने की जानकारी 15 जून को एक्सचेंज फाइलिंग में दी थी। बता दें कि टीटागढ़ रेल सिस्टम्स ट्रेन के डिब्बे (वेगन) और रेलवे कोच बनाने वाली निजी सेक्टर में देश की सबसे बड़ी कंपनी है। हाल ही में इसे रेलवे से वैगनों के लिए अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर मिला है। इसके अलावा यह पुणे मेट्रो के लिए 104 कोच भी बना रही है।
शेयरों ने एक साल में 416% दिया रिटर्न
टीटागढ़ रेल सिस्टम्स के शेयर पिछले साल 20 जून 2022 को 93.35 रुपये में मिल रहे थे। यह इसका एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद एक साल में यह 416 फीसदी उछलकर आज 481.55 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। 26 जून 2020 को 35.40 रुपये पर था यानी कि तीन साल में इसने 1171 फीसदी रिटर्न दिया है। इसके शेयरों की तेजी पर एक्सचेंजों का अतिरिक्त पहरा है और यह एडीशनल सर्विलांस मेजर (ASM) फ्रेमवर्क के लॉन्ग टर्म के पहले स्टेज में हैं।