पिछले हफ्ते शुक्रवार को एलईडी से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी आईकियो लाइटिंग (IKIO Lighting) की घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई थी। आईपीओ निवेशकों को 37 फीसदी लिस्टिंग गेन मिला था। इसके शेयरों की तेजी अभी भी नहीं थमी है और आज लगातार दूसरे दिन यह करीब 13 फीसदी उछलकर 455 रुपये (IKIO Lighting Share Price) पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के बाद यह थोड़ा सुस्त हो गया लेकिन इसके बावजूद आज यह दिन के आखिरी में बीएसई पर 10.28 फीसदी की मजबूती के साथ 445.25 रुपये पर बंद हुआ है। इस प्रकार आईपीओ निवेशकों की पूंजी अब तक 56 फीसदी बढ़ चुकी है। इसके आईपीओ को भी निवेशकों को शानदार रिस्पांस मिला था और यह इश्यू 67.75 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसके शेयर 285 रुपये पर जारी हुए थे।
अभी शेयर खरीदें या करें इंतजार?
एनालिस्ट्स का मानना है कि आईकियो लाइटिंग के साथ जो भी पॉजिटिव हैं, उसके हिसाब से शेयर प्राइस एडजस्ट हो चुके हैं। इसके कारोबार से जुड़ा सबसे बड़ा रिस्क क्लाइंट कंसेट्रेशन का है यानी कि ज्यादातर कारोबार एक ही क्लाइंट के जरिए है। आईकियो लाइटिंग को ओवरऑल रेवेन्यू का 70 फीसदी हिस्सा सिग्नीफाई इनोवेशन्स इंडिया लिमिटेड से मिलता है। ब्रोकरेज फर्म हेम सिक्योरिटीज की रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन ने निवेशकों को सलाह दी है कि निवेशकों को इसमें पैसे लगाने के लिए अभी गिरावट का इंतजार करना चाहिए।
IKIO Lighting में क्वांट म्यूचुअल फंड ने की खरीदारी
16 जून को क्वांट म्यूचुअल फंड ने क्वांट क्वांटमेंटल फंड के जरिए आईकियो के 6.01 लाख शेयर खरीदे। इसके अलावा क्वांट मल्टी एसेट फंड के जरिए म्यूचुअल फंड ने 6.02 लाख इक्विटी शेयर खरीदे। इस प्रकार क्वांट म्यूचुअल फंड ने इसके 12.03 लाख शेयर खरीद लिए हैं जो कंपनी में 2.15 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
आईकियो एलईडी से जुड़े प्रोडक्ट्स को डिजाइन कर उन्हें तैयार कर बेचती है जिसके बाद ग्राहक इसे अपने ब्रांड नाम से बेचते हैं। इसके चार प्लांट हैं जिसमें से एक उत्तराखंड के सिडकुल हरिद्वार औद्योगिक पार्क में और तीन उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 21.41 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ जो बढ़कर वित्त वर्ष 2021 में 28.81 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2022 में 50.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2023 के नौ महीने अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसे 51.35 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।