GIFT Nifty Trends : अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और तेल की बढ़ती कीमतों के कारण सोमवार को भारतीय शेयर बाजार के गिरावट के साथ खुलने की उम्मीद है। हालांकि, पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स मेंउछाल आया था,लेकिन जियोपॉलिटिकल चिंताओं का असर बाजार के सेंटीमेंट पर बना हुआ है। शुरुआती कारोबार में एशियाई शेयर बाजारों पर दबाव देखने को मिला है। जबकि वॉल स्ट्रीट ने पिछले हफ्ते कमजोरी के साथ कारोबार बंद किया। सेमीकंडक्टर शेयरों में बिकवाली के दबाव ने निवेशकों के मूड खराब कर दिया।
हालांकि,शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में तेजी रही और वे बढ़त के साथ बंद हुए। जून तिमाही के नतीजों के सीज़न से पहले हेवीवेट स्टॉक्स में जबरदस्त खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। BSE सेंसेक्स 964.58 अंक (1.25%) चढ़कर 78,151.45 पर बंद हुआ,जबकि निफ्टी 50 में 261.55 अंक (1.09%) की तेजी आई और यह 24,334.30 पर बंद हुआ।
एक और अमेरिकी सैनिक की मौत की खबर के बाद सोमवार को अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमलों का एक और दौर शुरू किया। इससे भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। PTI के मुताबिक इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन की ओर मिसाइलें दागीं। इससे इस बात की चिंता बढ़ गई कि यह संघर्ष पूरे इलाके में फैल सकता है। सुरक्षा हालात बिगड़ने पर बहरीन ने भी एयर रेड सायरन चालू कर दिए।
मिडिल ईस्ट से सप्लाई में रुकावट की आशंकाओं के बीच तेल की कीमतों में तेजी जारी रही। पिछले हफ्ते लगभग 16% की बढ़त के बाद ब्रेंट क्रूड फ़्यूचर्स 2.7% बढ़कर $90.49 प्रति बैरल पर पहुंच गया है। जबकि WTI क्रूड 2.3% बढ़कर $84.42 प्रति बैरल पर नजर आ रहा है।
इस सब के चलते गिफ्ट निफ्टी का लाइव चार्ट आज भारतीय शेयर बाजार में कमज़ोर शुरुआत का संकेत दे रहा है। फिलाहल गिफ्ट निफ्टी 24,290 के स्तर के आसपास ट्रेड कर रहा है, जो निफ्टी फ्यूचर्स की पिछली क्लोजिंग 24,321.70 से 29.2 अंक नीचे है।
एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर का कहना है कि भारतीय इक्विटी मार्केट के आज सपाट रहने की उम्मीद है। GIFT निफ्टी 24,345 के आसपास ट्रेड कर रहा है,जो शुक्रवार को निफ्टी की 24,334 की क्लोजिंग से थोड़ा ज़्यादा है। इससे पता चलता है कि सेशन की शुरुआत धीमी रहेगी। मिडिल ईस्ट में बढ़ते जियोपॉलिटिकल तनाव के कारण ग्लोबल रिस्क का माहौल अनिश्चित बना हुआ है। ऐसे में इन्वेस्टर्स के सतर्क बने रहने की संभावना है। मार्केट की नजर पश्चिम एशिया की घटनाओं और ग्लोबल एनर्जी सप्लाई पर इसके संभावित असर पर बनी हुई है। बढ़ती अनिश्चितता के कारण फाइनेंशियल मार्केट में ज्यादा डिफेंसिव रुख अपनाया जा रहा है,जिससे इन्वेस्टर्स आक्रामक दांव लगाने से बच रहे हैं।
पोनमुडी के मुताबिक निवेशक स्टॉक स्पेसिफिक मौकों पर फोकस कर सकते हैं। बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजो, इनके मैनेजमेंट की कमेंट्री और आगे के गाइडेंस पर बाजार की नजर रहेगी।
उन्होंने आगे कहा कि निफ्टी का रुख सावधानी के साथ पॉजिटिव बना हुआ है। इसके लिए 24,400 पर तत्काल रेजिस्टेंस दिख रहा है। अगर यह लगातार इसके ऊपर बना रहता है तो इंडेक्स 24,500-24,600 के जोन तक जा सकता है। वहीं, नीचे की तरफ 24,200 पर अहम सपोर्ट है। उसके बाद 24,000 पर अगला बड़ा सपोर्ट है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।