Stock Markets: नाटकीय उतार-चढ़ाव वाले हफ्ते के अंत में बुल्स और बेयर्स में से कौन जीता?

इस हफ्ते की शुरुआत में निवेशकों को उम्मीद की जो किरण दिखी थी, वह अंत से पहले ही ध्वस्त हो गई। गुरुवार को एक दिन की गिरावट तीन दिनों की तेजी को अपने साथ उड़ा ले गई। निवेशकों को अब लगने लगा है कि पोर्टफोलियो में रिकवरी के लिए उन्हें अभी इंतजार करना पड़ेगा

अपडेटेड Mar 20, 2026 पर 7:50 PM
शुक्रवार को बाजार में रिकवरी दिखी। लेकिन, सूचकांक हाई लेवल पर टिकने में नाकाम रहे।

शेयर बाजार में इस हफ्ते जैसा उतार-चढ़ाव शायद ही पहले कभी हुआ होगा। हफ्ते की शुरुआत ने निवेशकों को उम्मीद दिखाई। आखिर से पहले ही उम्मीद ध्वस्त हो गई। निवेशक यह मानने लगे हैं कि मध्यपूर्व में चल रही लड़ाई बाजार को चढ़ने नहीं देगी। इसका मतलब है कि निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में रिकवरी के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। शेयर बाजार कई साल बाद एक बार फिर निवेशकों के धैर्य की परीक्षा ले रहा है।

तेजी के साथ हुई हफ्ते की शुरुआत

हफ्ते की शुरुआत तेजी के साथ हुई। सोमवार को सेंसेक्स 938 अंक चढ़कर 75,500 के ऊपर बंद हुआ। मेटल, बैंकिंग और कंजम्प्शन शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी 23,400 के पार निकल गया। इस तेजी ने पिछले हफ्ते की तेज गिरावट के बाद निवेशकों को राहत दी।


मेटल, ऑटो में खरीदारी से चढ़ा बाजार

मंगलवार को भी बाजार में तेजी का रुख जारी रहा। सेंसेक्स में 568 अंक की तेजी आई, जिससे यह 76,000 के ऊपर बंद हुआ। निफ्टी 23,581 के ऊपर बंद हुआ। मेटल्स, ऑटो और फाइनेंशियल शेयरों ने बाजार को मजबूती दी। लगातार दूसरे दिन की तेजी से निवेशकों की उम्मीद बढ़ गई। उन्हें लगा कि बाजार मध्यपूर्व में लड़ाई की छाया से बाहर निकल रहा है।

बुधवार की तेजी से निवेशकों की उम्मीदें आसमान में

निवेशकों की खुशी का ठिकाना तो बुधवार को तब नहीं रहा, जब मार्केट में लगातार तीसरे दिन अच्छी तेजी दिखी। सेंसेक्स 633 अंक चढ़कर 76,704 पर बंद हुआ। एक समय तो यह 77,000 के पार चला गया था। आईटी स्टॉक्स में तेजी से निफ्टी भी 23,800 के करीब पहुंच गया। निवेशकों को लगा कि उनका अनुमान सही साबित हो रहा है। बाजार मध्यपूर्व की लड़ाई के असर से बाहर आ रहा है।

गुरुवार की गिरावट 3 दिन की तेजी उड़ा ले गई

गुरुवार को हवा का रुख बदला। बाजार में आई एक दिन की गिरावट ने तीन दिनों की तेजी को अपने साथ उड़ा ले गई। इजरायल के ईरान के ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े हमले से क्रूड ऑयल की कीमतों में आग लग गई। ब्रेंट क्रू़ड का भाव 110 डॉलर से प्रति बैरल से ऊपर निकल गया। साथ ही ऑयल और गैस की कम सप्लाई ने बाजार का चैन छीन लिया। सेंसेक्स और निफ्टी भरभराकर नीचे आ गए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 3.26 फीसदी यानी 2,496 अंक गिरकर 74,207 पर बंद हुआ। निफ्टी 775 अंक टूटकर 23,002 पर क्लोज हुआ।

यह भी पढ़ें: HDFC Bank News: एचडीएफसी बैंक ने अब 3 सीनियर एग्जिक्यूटिव्स को बैंक छोड़ने को कहा, जानिए क्या है पूरा मामला

शुक्रवार को सूचकांक हाई लेवल पर टिकने में नाकाम रहे

शुक्रवार को बाजार में रिकवरी दिखी। लेकिन, सूचकांक हाई लेवल पर टिकने में नाकाम रहे। कारोबार के अंत में सेंसेक्स सिर्फ 325 अंक चढ़कर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 112 अंक की तेजी आई। हालांकि, आईटी, मेटल्स और कुछ ऑटो स्टॉक्स में खरीदारी दिखी। शुक्रवार को आई तेजी गुरुवार को आई गिरावट की भरपाई करने में नाकाम रही। लगातार दूसरे दिन एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट दिखी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।