शेयर बाजार में सोमवार, 3 जून को जोरदार बढ़त देखने को मिल सकती है। इसका कारण होगा लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल। 1 जून को जारी हुए एग्जिट पोल्स में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की भारी जीत की उम्मीद जताई गई है। इन अनुमानों का प्रमुख बाजार विशेषज्ञों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि सोमवार को शेयरों और सूचकांकों में जोरदार बढ़त दर्ज की जाएगी। News18 Exit Polls के अनुसार, NDA गठबंधन को लगभग 355-370 सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि भाजपा को लगभग 305-315 सीटें मिल सकती हैं। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A ब्लॉक को 125-140 सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि कांग्रेस को 62 से 72 सीटें मिल सकती हैं।
बाजार के दिग्गज सुशील केडिया का मानना है कि सोमवार को बाजार में “तेजी का विस्फोट” हो सकता है और अधिकांश शेयर सप्ताह भर में 20% तक बढ़ सकते हैं। इतना ही नहीं जिन शेयरों को लेकर अनुमान है कि वे अगले तीन महीनों या अगले छह महीनों में कमजोरी की स्थिति में जा रहे हैं, वे भी तेजी से बढ़ेंगे।
सप्ताह के दौरान 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। केडिया के मुताबिक, “मैं बढ़ाचढ़ाकर पूर्वानुमान नहीं लगाना चाहता। लेकिन सोमवार, 3 जून को ही बाजारों में उत्साह का माहौल होने वाला है। जो लोग डरे हुए थे या हेजिंग कर रहे थे, वे सोमवार को जल्दबाजी में निवेश करेंगे।" केडिया ने निवेशकों को अगले तीन महीनों में बड़े ट्रेड्स पर नजर रखने और उन पॉकेट्स से बचने की सलाह दी है, जो पहले से ही उत्साह में हैं और जहां फाइनल बुल ड्रैग हो सकता है।
कुछ हद तक दिख सकती है शॉर्ट कवरिंग
कार्नेलियन एसेट मैनेजमेंट के फाउंडर विकास खेमानी का कहना है कि 3 जून को बाजारों में कुछ हद तक शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल सकती है और फिर अगले 4-5 दिनों में यह सामान्य हो जाएगा। बाजार की चाल के बारे में कुछ भी कहना बहुत मुश्किल है। 3 जून और 4 जून के बीच, वास्तविक परिणाम आने तक 2-4% का मूवमेंट दिख सकता है क्योंकि ये अभी भी एग्जिट पोल हैं। हमें वास्तविक परिणामों के लिए इंतजार करना होगा लेकिन मोटे तौर पर रुझान स्पष्ट है। खेमानी ने आगे कहा कि अगले कुछ महीनों में बड़ी खरीदारी देखने को मिल सकती है।
इस बीच, कोटक म्यूचुअल फंड के नीलेश शाह का मानना है कि बाजार न केवल सरकार की निरंतरता पर भरोसा कर रहे हैं, बल्कि बड़े सुधारों के संदर्भ में पहले 100 दिनों में घोषणाओं का भी इंतजार कर रहे हैं। शाह के मुताबिक, "इस अल्पावधि में बाजार का पूर्वानुमान लगाना हमेशा कठिन होता है। अगर हम बाजार को निवेशकों और ट्रेडर्स में बांटते हैं, तो निवेशक बाजार पर भारी पड़ते हैं।"
4-5 वर्षों में मार्केट कैप होगा 10 ट्रिलियन डॉलर
बाजार के दिग्गज और मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन और को-फाउंडर रामदेव अग्रवाल का मानना है कि एग्जिट पोल ने सत्तारूढ़ भाजपा पार्टी के लिए भारी जीत की भविष्यवाणी की है, लेकिन वास्तविक संख्या 400 सीटों को भी पार कर सकती है। अगर ऐसा हुआ तो इससे भारतीय शेयर बाजार का आकार दोगुना हो जाएगा और अगले 4-5 वर्षों में मार्केट कैप 10 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा।