Stocks to Buy: ग्लैंड फार्मा के शेयर 11 अगस्त को बाजार खुलते ही रॉकेट बन गए। एक समय शेयर 12 फीसदी तक चढ़ गया था। हालांकि, कुछ समय बाद तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। 12 बजे शेयर का प्राइस एनएसई में 7.71 फीसदी चढ़कर 2,864.70 रुपये पर चल रहा था। इस साल यह शेयर 67 फीसदी चढ़ा है। इस दौरान निफ्टी में 6.49 फीसदी गिरावट आई है।
जेफरीज ने बढ़ाया शेयर का टारगेट प्राइस
Gland Pharma के शेयर में मंगलवार को आई तेजी की वजह जून तिमाही में इसका शानदार प्रदर्शन है। जून तिमाही के नतीजों के बाद विदेश ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर पर अपनी रेटिंग बदल दी है। उसने इस शेयर को खरीदने की सलाह दी है। उसने शेयर का टारगेट प्राइस भी बढ़ाकर 3,350 रुपये कर दिया है।
25 फीसदी का उछाल शेयर में आ सकता है
जेफरीज ने शेयर के लिए जो टारगेट प्राइस दिया है, उससे इस शेयर में 10 अगस्त के क्लोजिंग प्राइस से 25 फीसदी तेजी की उम्मीद दिख रही है। जेफरीज ने कहा है कि जून तिमाही में ग्लैंड फार्मा का प्रदर्शन अच्छा रहा। अमेरिकी बाजार में इसके बिजनेस की ग्रोथ साल दर साल आधार पर 32 फीसदी रही। उसका मानना है कि FY27 में कंस्टेंट करेंसी में कंपनी की ग्रोथ 15 फीसदी रह सकती है। यह कंपनी की तरफ से पहले दिए गए 12-13 फीसदी गाइडेंस से ज्यादा है।
मुश्किल वक्त पीछे छोड़ चुकी है कंपनी
जेफरीज का यह भी कहना है कि ग्लैंड फार्मा के लिए मुश्किल वक्त अब खत्म हो चुका है। कंपनी ने एक बड़ा कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन (CDMO) कॉन्ट्रैक्ट किया है। Cenexi अब मुनाफे की तरफ बढ़ रहा है। नए कॉन्ट्रैक्ट मिलने और कॉम्प्लेक्स प्रोडक्ट्स पर फोकस से कंपनी की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा।
जून तिमाही में शानदार प्रदर्शन
जून तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 47.1 फीसदी बढ़कर 317 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 215 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 19.6 फीसदी बढ़कर 1,800.2 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 1,505.6 करोड़ रुपये था।
शेयर बाजार के प्रमूख सूचकांकों पर दबाव
11 अगस्त को 12 बजे शेयर बाजारों पर दबाव दिखा। निफ्टी 0.60 फीसदी यानी 148 अंक गिरकर 24,437 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.59 फीसदी यानी 461 अंक गिरकर 78,078 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी 0.73 फीसदी का दबाव दिखा। हालांकि, निफ्टी आईटी इंडेक्स में 0.52 फीसदी की तेजी दिखी। एक समय यह करीब 1 फीसदी तक चढ़ गया था।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।