BSE Share Price: 30 सितंबर को निफ्टी 50 में शामिल हो जाएगा बीएसई का शेयर, जानिए इसका क्या असर पड़ेगा

BSE Share Price: एनएसई अपने सूचकांकों में शामिल शेयरों की लिस्ट में साल में दो बार बदलाव करता है। बीएसई का शेयर निफ्टी 50 में विप्रो (Wipro) की जगह लेगा। विप्रा देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में से एक है। बीएसई के शेयर 2017 में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हुए थे

अपडेटेड Aug 11, 2026 पर 11:28 AM
11 अगस्त को 11 बजे बीएसई का शेयर 0.46 फीसदी गिरकर 3,579 रुपये पर चल रहा था।

BSE Share Price: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का शेयर 30 सितंबर से निफ्टी 50 का हिस्सा बन जाएगा। 11 अगस्त को सुबह में इस शेयर में तेजी दिखी। लेकिन, मुनाफावसूली की वजह से शेयर दबाव में आ गया। इस साल यानी 2026 में यह शेयर अब तक 36 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है। बीएसई के शेयर के बारे में यह ऐलान एनएसई ने 10 अगस्त को किया।

Nifty 50 से विप्रो का शेयर बाहर होगा

NSE अपने सूचकांकों में शामिल शेयरों की लिस्ट में साल में दो बार बदलाव करता है। बीएसई का शेयर निफ्टी 50 में विप्रो (Wipro) की जगह लेगा। विप्रा देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में से एक है। खास बात यह है कि निफ्टी 50 की शुरुआत से विप्रो इस सूचकांक का हिस्सा था। यह पहली बार निफ्टी 50 की शेयरों की लिस्ट से बाहर हो रहा है। अप्रैल-सितंबर 2013 में यह थोड़े समय के लिए निफ्टी 50 से बाहर हुआ थी, जिसकी वजह इसके आईटी सर्विसेज बिजनेस का मर्जर था।


BSE के शेयर में 69 करोड़ डॉलर निवेश आएगा

नोमुरा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक, BSE के शेयर के निफ्टी 50 में शामिल होने से इस शेयर में 69.1 करोड़ डॉलर का निवेश आएगा। उधर, निफ्टी 50 लिस्ट से बाहर होने की वजह से Wipro के शेयरों से करीब 24 करोड़ डॉलर का निवेश निकल जाएगा। 11 अगस्त को विप्रो के शेयरों पर दबाव देखने को मिला। शेयर सुबह मजबूत खुले। फिर, बिकवाली दबाव से लाल निशान में आ गए। 11 बजे विप्रो का शेयर 0.65 फीसदी गिरकर 184.30 रुपये पर चल रहा था।

BSE का शेयर 2017 में एनएसई में लिस्ट हुआ था

BSE का शेयर फरवरी 2017 में एनएसई में लिस्ट हुआ था। बीएसई ने आईपीओ में निवेशकों को प्रति शेयर 806 रुपये के भाव पर शेयर इश्यू किए थे। शेयर की लिस्टिंग शानदार प्रीमियम के साथ 1,069.2 रुपये पर हुई थी। लिस्टिंग के बाद से इस शेयर ने निवेशकों को मालामाल किया है। बीएसई ने 2022 और 2025 में बोनस शेयर इश्यू किए थे। लिस्टिंग के बाद से इस शेयर ने शेयरहोल्डर्स को प्रति शेयर करीब 200 रुपये के डिविडेंड भी दिए हैं।

यह भी पढ़ें: Top Trading Picks : कमजोर बाजार में भी करनी है अच्छी कमाई तो इन दो शेयरों पर लगाएं दांव

बीते एक साल में 50 फीसदी चढ़ा है बीएसई का शेयर 

11 अगस्त को बीएसई का शेयर 0.46 फीसदी गिरकर 3,579 रुपये पर चल रहा था। हालांकि, यह शेयर बीते एक साल में करीब 50 फीसदी चढ़ा है। उधर, 11 अगस्त को बाजार के प्रमुख सूचकांकों निफ्टी और सेंसेक्स में दबाव देखने को मिला। निफ्टी 0.52 फीसदी यानी 127 अंक गिरकर 24,454 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.54 फीसदी की गिरावट के साथ 78,120 पर चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।