Stocks to Watch on Monday: शेयर बाजारों में 19 अक्तूबर यानी सोमवार को कई स्टॉक्स में बड़ी हलचल दिख सकती है। कई बड़े बैंकों ने हफ्ते के अंत में सितंबर तिमाही के नतीजों का एलान किया है। उनके शेयरों पर सोमवार को नतीजों का असर दिखेगा। कई बैंकों का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में अच्छा रहा है। कुछ कंपनियों को बड़े ऑर्डर्स मिले हैं। इस वजह से उनके शेयरों में तेजी दिख सकती है। आइए इन शेयरों के बारे में जानते हैं।
एचडीएफसी बैंक की NII में 10% उछाल
HDFC Bank ने सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है। इस दौरान बैंक का नेट प्रॉफिट 4.7 फीसदी बढ़कर 19,510 करोड़ रुपये पहुंच गया। नेट इंटरेस्ट इनकम में 9.7 का इजाफा दिखा। हालांकि, नेट इंटरेस्ट मार्जिन 3.16 फीसदी से अब तक के सबसे निचले स्तर पर आ गया। साल दर साल आधार पर बैंक की ट्रेजरी ट्रेडिंग इनकम भी 67.4 फीसदी गिर गई। बैंक के शेयरों पर दूसरी तिमाही के नतीजों का असर 19 अक्तूबर को दिखेगा।
Axis Bank का प्रॉफिट 37 फीसदी उछला
Axis Bank का प्रदर्शन सितंबर तिमाही में शानदार रहा है। इस दौरान बैंक का प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 37.6 फीसदी बढ़कर 7,003 करोड़ रुपये रहा। नेट इंटरेस्ट इनकम 11.8 फीसदी बढ़कर 15,372 करोड़ रुपये हो गई। यह बाजार के अनुमान से ज्यादा है। एसेट क्वालिटी में भी इम्प्रूवमेंट दिखा। इससे 19 अक्तूबर को बैंक के शेयर में तेजी दिख सकती है।
ICICI Bank का प्रॉफिट 20 फीसदी बढ़ा
ICICI Bank देश का दूसरा सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक है। सितंबर तिमाही में बैंक का प्रदर्शन अच्छा रहा है। साल दर साल आधार पर इस दौरान नेट प्रॉफिट 20.1 फीसदी बढ़कर 14,843 करोड़ रुपये रहा। नेट इंटरेस्ट इनकम 17.7 फीसदी बढ़कर 25,339 करोड़ रुपये रही। सोमवार को बैंक के शेयरों में उछाल दिख सकता है।
पीएनबी का मुनाफा 11 फीसदी बढ़ा
पंजाब नेशनल बैंक का प्रदर्शन भी सितंबर तिमाही में अच्छा रहा। इस दौरान बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम 10.8 फीसदी बढ़कर 11,601 करोड़ रुपये रही। नेट प्रॉफिट 12.8 फीसदी बढ़कर 5,532.2 करोड़ रुपये रहा। ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स गिरकर 2.55 फीसदी पर आ गया। पीएनबी सरकारी बैंक है। इसके शेयरों पर नतीजों का असर 19 अक्तूबर को दिखेगा।
यस बैंक का प्रदर्शन भी सितंबर तिमाही में अच्छा
प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक का प्रदर्शन भी सितंबर तिमाही में अच्छा रहा है। बैंक का नेट प्रॉफिट इस दौरान 65.14 फीसदी बढ़कर 1,080 करोड़ रुपये रहा। नेट इंटरेस्ट इनकम 22.7 फीसदी बढ़कर 2,822 करोड़ रुपये रही। एनपीए भी 1.3 फीसदी से घटकर 1.2 फीसदी पर आ गया। बैंक ने सितंबर तिमाही में 317.3 करोड़ रुपये का प्रोविजन किया, जबकि पहली तिमाही में उसे 394.4 करोड़ रुपये का प्रोविजनिंग करना पड़ा था।