Stocks to Watch: बजट के बाद अब इन शेयरों पर रखें नजर, इंट्रा-डे में फटाफट तगड़ी कमाई का मौका
Stocks to Watch: लगातार चार कारोबारी दिनों में करीब 3 फीसदी की तेजी के बाद बजट पेश होने के दिन घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स लगभग फ्लैट बंद हुआ था। बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) रिकॉर्ड हाई से 10.5 फीसदी से अधिक नीचे हैं। पिछले साल 27 सितंबर को इंट्रा-डे में सेंसेक्स 86 हजार के काफी करीब 85,978.25 और निफ्टी भी 26300 के करीब 26,277.35 तक पहुंचा था
बजट के दिन बीएसई सेंसेक्स 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 77505.96 और निफ्टी 0.11 फीसदी की गिरावट के साथ 23482.15 पर बंद हुआ था।
Stocks to Watch: वैश्विक मार्केट से बिकवाली के संकेत मिल रहे हैं। बजट पेश होने के बाद आमतौर पर घरेलू स्टॉक मार्केट में बिकवाली का दबाव दिखने का माहौल रहा है और आज भी ऐसा ही दिख सकता है। बजट पेश होने के दिन भारी उठा-पटक के बीच बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 77505.96 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 0.11 फीसदी की गिरावट के साथ 23482.15 पर बंद हुआ था। अब आज इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो कुछ कंपनियों के कारोबारी नतीजे आज आएंगे तो कुछ के नतीजे आ चुके हैं जिसके चलते इनमें हलचल दिख सकती है। इसके अलावा कुछ गाड़ी कंपनियों के जनवरी के सेल्स डेटा से आज शेयरों की चाल प्रभावित रहेगी तो कुछ में कॉरपोरेट एक्शन के चलते तेज हलचल दिख सकती है। यहां इनके बारे में बताया जा रहा है।
आज इन कंपनियों के आएंगे नतीजे
आज पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, डिविस लेबोरेटरीज, एलेम्बिक फार्मा, आदित्य बिड़ला कैपिटल, बार्बेक्यू-नेशन हॉस्पिटैलिटी, बॉम्बे डाइंग, कैस्ट्रोल इंडिया, डोम्स इंडस्ट्रीज, ड्रेजिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, गेटवे डिस्ट्रिपार्क्स, जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, ग्लैंड फार्मा, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एवं इंजीनियर्स, एचएफसीएल, ज्योति स्ट्रक्चर्स, केईसी इंटरनेशनल, केपीआर मिल, एनएलसी इंडिया, पारादीप फॉस्फेट्स, पॉली मेडिक्योर, प्रीमियर एनर्जीज, शैल्बी, शंकरा बिल्डिंग प्रोडक्ट्स, स्टोव क्राफ्ट, टाटा केमिकल्स, विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया और वेलस्पन एंटरप्राइजेज आज दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।
इन कंपनियों के नतीजे जारी
Neogen Chemicals Q3 (Consolidated YoY)
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर नियोजेन केमिकल्स का कंसालिडेटेड प्रॉफिट 844.3% बढ़कर ₹10.01 करोड़, रेवेन्यू 22.5% उछलकर ₹201.4 करोड़, ईबीआईटीडीए 70.7% उछलकर ₹34.64 करोड़ और मार्जिन 4.90 पर्सेंटेज प्वाइंट बढ़कर 17.2 फीसदी पर पहुंच गया।
GR Infraprojects Q3 (Consolidated YoY)
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट्स का कंसालिडेटेड प्रॉफिट 7.8% बढ़कर ₹261.7 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन रेवेन्यू 20.6% गिरकर ₹1,694.5 करोड़ पर आ गया। इस दौरान कंपनी का अदर इनकम ₹24.6 करोड़ से बढ़कर ₹102.9 करोड़ पर पहुंच गई।
Anant Raj Q3 (Consolidated YoY)
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर अनंत राज का कंसालिडेटेड प्रॉफिट 53.6% बढ़कर ₹110.3 करोड़ और रेवेन्यू 36.3% उछलकर ₹534.6 करोड़ पर पहुंच गया।
Aarti Industries Q3 (Consolidated YoY)
दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर आरती इंडस्ट्रीज का कंसालिडेटेड प्रॉफिट 62.9% गिरकर ₹46 करोड़ पर आ गया लेकिन रेवेन्यू 6.2% उछलकर ₹1,840 करोड़ पर पहुंच गया।
जनवरी में गाड़ियों की बिक्री
Hero MotoCorp (YoY)
जनवरी में हीरो मोटोकॉर्प की टोटल सेल्स सालाना आधार पर 2.1 फीसदी बढ़कर 4,42,873 यूनिट्स पर पहुंच गई। निर्यात 140.8% बढ़कर 30,495 यूनिट्स पर पहुंच गया लेकिन घरेलू बिक्री 2 फीसदी गिरकर 4,12,378 यूनिट्स रह गई।
Eicher Motors (YoY)
आयशर मोटर्स के रॉयल एनफील्ड की बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 20% बढ़कर 91,132 यूनिट्स पर पहुंच गई। निर्यात 79% उछलकर 10,080 यूनिट्स पर पहुंच गया।
VST Tillers Tractors (YoY)
वीएसटी टिलर्स की बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 17.6% गिरकर 3,416 यूनिट्स पर आ गई। पावर टिलर्स की बिक्री 18.7% गिरकर 3,105 यूनिट्स और ट्रैक्टर्स की बिक्री 4.6% गिरकर 311 यूनिट्स पर आ गई।
Stocks to Watch: इन शेयरों पर रहेगी निगाहें
Gujarat Gas
गुजरात गैस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से डायरेक्टर और चेयरमैन राज कुमार ने 31 जनवरी से प्रभावी सेवानिवृत्ति के बाद इस्तीफा दे दिया है।
Lupin
अमेरिकी दवा नियामक एफडीए ने अमेरिकी के न्यू जर्सी के समरसेट में लुपिन की मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में एडारावोन ओरल सस्पेंशन का प्री-अप्रूवल इंस्पेक्शन पूरा कर दिया है। निरीक्षण 28 जनवरी से 1 फरवरी 2025 तक हुआ था।
MOIL
एमओआईएल ने Mn-44% और उससे अधिक मैंगनीज सामग्री वाले सभी फेरो ग्रेड के अयस्क की कीमत में 3.5% की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं एमएन-44% से कम मैंगनीज सामग्री वाले अन्य सभी फेरो ग्रेड के अयस्क की कीमतों में 1 फरवरी से 8.2% की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा सभी एसएमजीआर (Mn-30%, Mn-25%, और Mn-20%) की कीमतें और फाइन्स ग्रेड में 8.2% की बढ़ोतरी हुई है, और सभी केमिकल ग्रेड की कीमतों में भी 8.2% की बढ़ोतरी हुई है। इस बीच कंपनी ने खुलासा किया कि 1.6 लाख टन मैंगनीज अयस्क का प्रोडक्शन हुआ, जबकि बिक्री सालाना आधार पर 17% बढ़कर 1.57 लाख टन हो गई। खोजबीन के लिए कोर ड्रिलिंग सालाना आधार पर 10% बढ़कर 11,099 मीटर हो गई।
Coal India
जनवरी में कोल इंडिया का कोयला उत्पादन 0.8% घटकर 7.78 करोड़ टन रह गया। वहीं उठान 2.2% बढ़कर 6.86 करोड़ टन पहुंच गया।
Indian Bank
इंडियन बैंक की एसेट लायबिलिटी मैनेजमेंट कमेटी ने 1-महीने. 3-महीने, 6-महीने और 1-साल की अवधि के मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स-बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) को 0.05 फीसदी बढ़ा दिया है और यह 3 फरवरी से प्रभावी होगा।
बल्क डील्स
Quess Corp
एमेजॉनडॉटकॉम एनवी इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स एलएलसी ने क्वेस कॉर्प में 0.5% हिस्सेदारी 46.03 करोड़ रुपये में 610.2 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर बेची।
HM Electro Mech
एनएवी कैपिटल वीसीसी-एनएवी कैपिटल इमर्जिंग स्टार फंड ने 58.8 लाख रुपये में एचएम इलेक्ट्रो मेके 78,400 शेयर 75 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर खरीदे।
एक्स-डेट
आज गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, जुबिलैंट, इनग्रेविया, महानगर गैस, शेयर इंडिया सिक्योरिटीज, सियाराम सिल्क मिल्स, व्हील्स इंडिया, एप्कोटेक्स इंडस्ट्रीज, ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग के शेयर ए्क्स-डिविडेंड ट्रेड करेंगे। वहीं इंडस इंफ्रा ट्रस्ट के शेयरों के इनकम डिस्ट्रीब्यूशन की आज एक्स-डेट है।