Stocks to Watch: एशियाई बाजारों से मजबूत रुझानों के बीच गिफ्ट निफ्टी से आज घरेलू मार्केट में भी रौनक के संकेत मिल रहे हैं। चूंकि आज सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी है तो मार्केट में तेज हलचल रह सकती है। सामान्य तौर पर सेंसेक्स के इंडेक्स डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी गुरुवार को होती है लेकिन इस बार गुरुवार 26 मार्च को रामनवमी के मौके पर स्टॉक मार्केट में कारोबार बंद रहेगा तो एक्सपायरी एक दिन पहले खिसक गई। एक कारोबारी दिन पहले मंगलवार 24 मार्च को निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 1372.06 प्वाइंट्स यानी 1.89% के उछाल के साथ 74,068.45 और निफ्टी 399.75 प्वाइंट्स यानी 1.78% फीसदी की बढ़त के साथ 22912.40 पर बंद हुआ था। अब आज इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते कुछ स्टॉक्स में तेज हलचल दिख सकती है। यहां इन शेयरों के बारे में डिटेल्स दी जा रही है।
Stocks to Watch: इन स्टॉक्स पर रहेगी नजरें
एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी ने Nxtra Data के साथ एक एमओयू किया है। इसके तहत एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी देश भर में इसके डेटा सेंटरों के लिए 24x7 रिन्यूएबल एनर्जी की सप्लाई को लेकर प्रोजेक्ट्स के डेवलपमेंट पर काम करेगी।
सनातन टेक्सटाइल्स की सहायक कंपनी सनातन पॉलीकॉट ने सेरेंटिका रिन्यूएबल्स इंडिया की सहायक कंपनी सेरेंटिका रिन्यूएबल्स इंडिया 33 प्राइवेट लिमिटेड में 26% हिस्सेदारी हासिल करने के लिए पावर सप्लाई एंड कंजम्प्शन एग्रीमेंट के साथ-साथ शेयर सब्सक्रिप्शन एंड शेयरहोल्डर्स एग्रीमेंट किया है।
सीगल इंडिया को पूर्वाह ग्रीन पावर से आंध्र प्रदेश में ₹298 करोड़ के दो वर्क ऑर्डर मिले हैं। वहीं दूसरी तरफ इसकी सहायक कंपनी सीगल इंफ्रा प्रोजेक्ट्स ने जो ₹207 करोड़ का टेंडर हासिल किया था, उसे पंजाब इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड ने प्रशासनिक कारणों से रद्द कर दिया।
टीवीएस मोटर को बोर्ड से हर शेयर पर ₹12 के अंतरिम डिविडेंड की मंजूरी मिल गई है।
ICICI Prudential Life Insurance
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस को आयकर विभाग, मुंबई से एसेसमेंट वर्ष 2024–25 के लिए ₹391 करोड़ का टैक्स नोटिस मिला है।
New India Assurance Company
न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी को एसेसमेंट वर्ष 2023–24 के लिए आयकर विभाग से ₹189.37 करोड़ का टैक्स डिमांड नोटिस मिला है।
HDFC Life Insurance Company
एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस को एसेसमेंट वर्ष 2023–24 के लिए आयकर विभाग, मुंबई से ₹126.46 करोड़ टैक्स और ₹45.55 करोड़ पेनल्टी का नोटिस मिला है।
टाटा स्टील ने अपनी सहायक कंपनी टाटा स्टील होल्डिंग्स में $18.0 करोड़ (₹1,680.27 करोड़) में 178.57 करोड़ शेयर खरीदे हैं।
₹60 करोड़ के आईपीओ के तहत जारी नोवुस लॉयल्टी के ₹146 के शेयरों की आज बीएसई एसएमई पर एंट्री होगी। इसके आईपीओ को 1.55 गुना बोली मिली थी।
Raajmarg Infra Investment Trust
एक कारोबारी दिन पहले एनएसई पर लिस्ट हुए NHAI के निवेश वाले राजमार्ग इंफ्रा इंवेस्टमेंट ट्रस्ट के 35.08 लाख यूनिट एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने ₹106.35 के भाव पर ₹37.31 करोड़ में खरीदे। हालांकि दूसरी तरफ मॉर्गन स्टैनले एशिया सिंगापुर ने प्रति यूनिट 106.44 के भाव पर 73.15 लाख यूनिट्स ₹77.86 करोड़ में बेच दिए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।