6 मार्च को SME कंपनी स्ट्राइडर्स इंपेक्स के IPO में निवेश करने वालों को निराशा हाथ लगी। शेयर NSE SME पर 2.7 प्रतिशत घाटे के साथ 70 रुपये पर लिस्ट हुआ। तुरंत ही इसमें 5 प्रतिशत की गिरावट आई और 66.50 रुपये पर लोअर सर्किट लग गया। IPO प्राइस 72 रुपये प्रति शेयर था। कंपनी का 36.29 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 26 फरवरी को खुला था और 2 मार्च को बंद हुआ। इसमें 32.62 करोड़ रुपये के 45 लाख नए शेयर जारी हुए। साथ ही 3.66 करोड़ रुपये के 5 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहा।
IPO कुल 1.33 गुना भरा था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.03 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.70 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.78 गुना सब्सक्राइब हुआ।
Striders Impex ने IPO से पहले एंकर इनवेस्टर्स से 10.32 करोड़ रुपये जुटाए। 2021 में इनकॉरपोरेट हुई स्ट्राइडर्स इंपेक्स लिमिटेड मुख्य रूप से लाइसेंसिंग, खुद के ब्रांड डेवलपमेंट के साथ-साथ खिलौनों और बच्चों के कंज्यूमर मर्चेंडाइज के डिस्ट्रीब्यूशन के बिजनेस में है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
स्ट्राइडर्स इंपेक्स अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी करके हासिल हुए पैसों का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने, सब्सिडियरी Striders FZ LLC में निवेश करने, UAE में नई सब्सिडियरी में निवेश करने, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
Striders Impex की वित्तीय सेहत
अप्रैल-दिसंबर 2025 के दौरान स्ट्राइडर्स इंपेक्स की कुल इनकम 49.61 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 4 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर 22.92 करोड़ रुपये की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 61.95 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 8.41 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।