Hy-Tech Engineers Listing Day Strategy: आईपीओ को 247 गुना से अधिक बोली मिलने के बाद हाई-टेक इंजीनियर्स के शेयरों की आज घरेलू स्टॉक मार्केट में 41% प्रीमियम पर एंट्री हुई। लिस्टिंग के बाद शेयर उछलकर अपर सर्किट पर पहुंच गया। हालांकि एक्सपर्ट अभी मुनाफा निकालने की बजाय इसे होल्ड करने की सलाह दे रहे हैं। फिलहाल बीएसई पर यह 5% के अपर सर्किट यानी ₹75.59 पर बना हुआ है। इसके आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹53 के भाव पर जारी हुए थे और बीएसई पर इसकी ₹72 पर एंट्री हुई थी। हालांकि ग्रे मार्केट से मिले संकेतों के मुकाबले इसकी लिस्टिंग थोड़ी फीकी रही क्योंकि GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) के हिसाब से इसके शेयरों से 66% से अधिक लिस्टिंग गेन की गुंजाइश थी।
Hy-Tech Engineers के IPO को मिली थी ताबड़तोड़ बोली
हाइड्रोलिक फिटिंग बनाने वाली हाई-टेक इंजीनियर्स के ₹136 करोड़ के आईपीओ को ओवरऑल 247.39 गुना बोली मिली थी। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 249.71 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 412.96 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 175.10 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹60 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं जिसमें से ₹29.97 करोड़ मशीनरी और इक्विपमेंट्स की खरीदारी, ₹16.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹5.96 करोड़ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और ₹18.26 करोड़ आईपीओ से जुड़े खर्चों पर खर्च होंगे।
Hy-Tech Engineers में निवेश को लेकर क्या है स्ट्रैटेजी
स्वास्तिक इंवेस्टमार्ट के हेड ऑफ वेल्थ शिवानी न्याति का कहना है कि कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 22% और नेट मार्जिन 11.5% से अधिक है और इसमें नासिक में मौजूद कंपनी की अपनी फोर्जिंग यूनिट का बड़ा हाथ है। कंपनी का कर्ज भी ₹43.5 करोड़ से घटकर ₹29.8 करोड़ रह गया है और आगे भी कंपनी की योजना कर्ज हल्का करने की है तो ऐसे में शिवानी के मुताबिक मुनाफा और बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा इंजीनियरिंग सेक्टर के महंगी वैल्यूएशन यानी 40x से अधिक पर लिस्ट हुए कई दूसरे आईपीओ के मुकाबले हाई-टेक का वैल्यूएशन अभी 22x P/E है और इसका ROCE भी 24% के मजबूत लेवल है। ऐसे में शिवानी को इसकी वैल्यूएशन के और बढ़ने की गुंजाइश दिख रही है। शिवानी ने आईपीओ के जरिए शेयर हासिल करने वाले निवेशकों को इसे होल्ड करने की सलाह दी है। उन्होंने ₹64 के आस-पास यानी लिस्टिंग से करीब 15% डिस्काउंट पर स्टॉप लॉस लगाने की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।