Sugar Stocks: कैबिनेट की एक खास बैठक से पहले आज शुगर स्टॉक्स में आज जोरदार तेजी दिखी। शुगर स्टॉक्स में खरीदारी के इस माहौल में आज बलरामपुर चीनी मिल्स (Balrampur Chini Mills), धामपुर शुगर मिल्स (Dhampur Sugar Mills) और श्री रेणुका शुगर्स (Shree Renuka Sugars) के शेयर 7 फीसदी तक फिसल गए। इन शेयरों में इस कारण तेजी आई कि कैबिनेट कमेटी ऑन इकनॉमिक अफेयर्स (CCEA) एथेनॉल की कीमतों को बढ़ाने की मंजूरी दे सकती है। मार्केट की नजरें कमेटी की बैठक पर है। यह बैठक नेशनल मीडिया सेंटर में दोपहर 3 बजे होगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें एथेनॉल की कीमतों को बढ़ाने पर फैसला हो सकता है
कितनी हो सकती है बढ़ोतरी?
सीएनबीसी-आवाज की रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार बी-हैवी मोलेसेज से बने एथेनॉल के भाव प्रति लीटर 1.82 रुपये बढ़ाकर ₹62.55 प्रति लीटर, केन जूस से बने एथेनॉल के भाव ₹1.31 प्रति लीटर बढ़ाकर ₹66.92 प्रति लीटर करने पर फैसला हो सकता है। इसके अलावा सी-हैवी मोलैसेज से बने एथेनॉल के भाव भी प्रति लीटर ₹49.41 से बढ़ाकर ₹56.28 करने का प्रस्ताव है।
एथेनॉल ब्लेंडिंग पर भी फैसला होने की उम्मीद
एथेनॉल के भाव बढ़ाने के प्रस्ताव पर बैठक में फैसला हो सकता है। सूत्रों ने यह भी बताया कि एथेनॉल ब्लेंडिंग पर प्रति लीटर ₹6.87 के मौजूदा इंसेंटिव को नियमित भी किया जा सकता है। एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम देश की एनर्जी पॉलिसी का अहम हिस्सा है। इसका लक्ष्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने की है। इस सत्र में 40-42 लाख टन चीनी से एथेनॉल बनाने का अनुमान है। अगर आज की बैठक में एथेनॉल ब्लेंडिंग पर इंसेंटिव को नियमित करने को मंजूरी मिलती है, तो इससे शुगर मिल्स को अपना बकाया क्लियर करने में मदद मिलेगी और शुगर सप्लाई को और बेहतर तरीके से वे मैनेज कर सकेंगे।