Summer Stocks: प्रचंड गर्मी और मानसून में देरी, चमकाएगी पोर्टफोलियो, जेफरीज का ये है कैलकुलेशन

Summer Stocks: प्रचंड गर्मी और कमजोर मानसून पोर्टफोलियो को चमका सकता है। ऐसा ब्रोकरेज फर्म जेफरीज का मानना है। जेफरीज के मुताबिक गर्मियों के इस सीजन में कुछ ऐसी कंपनियां हैं जिनके कारोबार को सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि कंपनियों का कहना है कि कारोबार बढ़ने की उम्मीद तो है लेकिन कुछ बड़ी चुनौतियां भी हैं। डिटेल्स में पढ़ें

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 2:19 PM
Summer Stocks:  प्रचंड गर्मी और मानसून में देरी एसी बनाने वाली कंपनियों और कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों जैसे कि पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट (PG Electroplast), ब्लू स्टार (Blue Star), वोल्टास (Voltas) और हैवेल्स इंडिया (Havells India) के शेयर निवेशकों को लगातार आकर्षित कर रहे हैं।

Summer Stocks: गर्मियों के लंबे समय तक टिके रहने और सामान्य से कमजोर मानसून की उम्मीद पर कूलिंग प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ने की संभावना है। ऐसे में एसी बनाने वाली कंपनियों और कंज्यूमर ड्यूरेबल कंपनियों जैसे कि पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट (PG Electroplast), ब्लू स्टार (Blue Star), वोल्टास (Voltas) और हैवेल्स इंडिया (Havells India) के शेयर निवेशकों को लगातार आकर्षित कर रहे हैं। हालांकि इंडस्ट्री की अपनी कुछ दिक्कतें हैं जिसे लेकर कंपनियों का मानना है कि कारोबार बढ़ने के बावजूद इस तिमाही प्रॉफिटेबिलिटी पर असर दिख सकता है।

क्या कहना है जेफरीज का

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की रिपोर्ट में जिक्र किया गया है कि मौसम विभाग यानी IMD ने अनुमान लगाया है कि इस बार देश में मानसून सामान्य से 10% तक कमजोर रह सकता है। साथ ही अल नीनो (El Niño) का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में रूम एयर-कंडीशनर और गर्मी से जुड़े अन्य प्रोडक्ट्स की मांग मजबूत हो सकती है। इंडस्ट्री के आंकड़ों से संकेत मिलता है कि रूम एसी का वॉल्यूम मई महीने में सालाना आधार पर 40% से अधिक की रफ्तार से बढञा जबकि ओवरऑल इंडस्ट्री की वैल्यू ग्रोथ 25-30% रही। जेफरीज का मानना है कि हालिया कीमत बढ़ोतरी से कंपनियों के प्रॉफिटेबिलिटी को सपोर्ट मिलेगा। ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2027 में वोल्टास और ब्लू स्टार की बिक्री में 15-16% की ग्रोथ का अनुमान लगाया है।


इंडस्ट्री का क्या कहना है

सीएनबीसी-टीवी18 से बातचीत में पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट के एमडी विकास गुप्ता ने कहा कि कंपनी के लिए वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत मजबूत रही और अप्रैल-मई में पिछले साल की तुलना में कारोबार अच्छा रहा। पिछले वित्त वर्ष 2026 कंपनी को कम मांग, सप्लाई चेन की दिक्कतों और करेंसी से जुड़े दबाव का सामना करना पड़ा था लेकिन मौजूदा स्थिति को लेकर विकास का कहना है कि इंवेंटरी लेवल सामान्य हो चुके हैं तो साथ ही लोकलाइजेशन बढ़ाने और बेहतर इंवेंटरी मैनेजमेंट से ऑपरेशनल एफिसिएंसी को बेहतर करने में मदद मिल रही है। मैनेजमेंट को अब वित्त वर्ष 2027 पिछले वित्त वर्ष 2026 से बेहतर होने की उम्मीद है लेकिन अनिश्चित आर्थिक माहौल के चलते कोई रेवेन्यू गाइडेंस नहीं दिया।

हैवेल्स इंडिया ने मार्च तिमाही के इंवेस्टर प्रेजेंटेशन में कहा था कि हाई बेस और गर्मियों के देरी से आने के चलते उसके लॉयड बिजनेस के रेवेन्यू ग्रोथ को झटका लगा। मजबूत मांग के चलते इंडस्ट्री की प्रॉफिटेबिलिटी को लेकर चिंता बनी हुई है। ब्लू स्टार के एमडी B Thiagarajan ने हाल ही में कहा था कि गर्मियों के चलते मई में रूम एसी इंडस्ट्री 50% की रफ्तार से बढ़ा होगा लेकिन कच्चे माल की बढ़ती लागत, तेल के भाव में उछाल और कमजोर कंज्यूमर सेंटिमेंट मार्जिन पर दबाव डाल रही हैं। ब्लूस्टार के एमडी के मुताबिक लागत जितनी बढ़ी है, उसका पूरा भार ग्राहकों पर नहीं डाला जा सकता तो इस तिमाही ऑपरेटिंग प्रॉफिटेबिलिटी पर असर दिख सकता है। उनका कहना है कि मांग अभी मजबूत बनी हुई है, लेकिन भआने वाले समय में खपत को लेकर अनिश्चितता और बढ़ती लागत इंडस्ट्री के लिए चुनौती बनी हुई है।

Nikkei at 700000: जापान के इक्विटी मार्केट में बहार, पहली बार निक्केई 700000 के पार, इस कारण शानदार रौनक

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।