Sun Pharma Q2: फार्मा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज ने FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़ गया है। कंपनी ने इस अवधि में 3040 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे बाजार के अनुमान से बेहतर हैं। मजबूत नतीजों का असर कंपनी के शेयरों में भी दिख रहा है और यह इस समय 2.23 फीसदी की बढ़त के साथ 1901.65 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 4.56 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
Sun Pharma के नतीजे अनुमान से बेहतर
सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के सितंबर तिमाही के नतीजे बाजार के अनुमान से बेहतर हैं। 10 ब्रोकरेज कंपनियों के मनीकंट्रोल पोल में सन फार्मा का जुलाई-सितंबर का नेट प्रॉफिट 2911 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया था। सितंबर तिमाही में भारत की सबसे बड़ी दवा कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू भी 9 फीसदी बढ़कर 13291 करोड़ रुपये हो गया, जो 13299 करोड़ रुपये के पोल अनुमान के मुताबिक है।
Sun Pharma का EBITDA मार्जिन 29.6 फीसदी पर
सन फार्मा का दूसरी तिमाही में EBITDA 23.9 प्रतिशत बढ़कर 3,939 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA मार्जिन वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बढ़कर 29.6 फीसदी हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 26.1 फीसदी था। नतीजों से पहले, एनालिस्ट्स ने कहा था कि कंपनी के स्पेशियलिटी सेगमेंट को बढ़ावा देने के मकसद से हायर रिसर्च और डेवलपमेंट खर्च से सन फार्मा के मार्जिन में वृद्धि सीमित हो सकती है।
Sun Pharma की दूसरी तिमाही में सेगमेंटल परफॉर्मेंस
इंडिया फॉर्मूलेशन: घरेलू बिक्री 11 फीसदी बढ़कर 4265 करोड़ रुपये हो गई, जो कुल रेवेन्यू का 32 फीसदी है। कंपनी ने इस तिमाही में 14 नए प्रोडक्ट लॉन्च किए, जिससे मार्केट लीडर के रूप में कंपनी की स्थिति मजबूत हुई और शेयर में 8.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
अमेरिकी फॉर्मूलेशन: अमेरिका से रेवेन्यू 20.3 फीसदी बढ़कर 517 मिलियन डॉलर हो गया, जो स्पेशियलिटी सेल्स से बढ़ा, जो 19.2 फीसदी बढ़कर 286 मिलियन डॉलर हो गया।
इमर्जिंग और RoW मार्केट्स: इमर्जिंग मार्केट सेल्स 3.2 फीसदी बढ़कर 293 मिलियन डॉलर हो गई, जबकि रेस्ट ऑफ द वर्ल्ड (RoW) मार्केट्स में 3.5 फीसदी की गिरावट देखी गई, जिससे 199 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू प्राप्त हुआ।
API सेल्स: तिमाही में एक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रेडिएंट्स (API) की बिक्री 533.8 करोड़ रुपये रही, जो सालाना 7.4 फीसदी की वृद्धि है।
Sun Pharma के चेयरमैन का बयान
सन फार्मा ने अपनी ग्लोबल स्पेशियलिटी पाइपलाइन को आगे बढ़ाते हुए R&D खर्च को 792.9 करोड़ रुपये तक पहुंचाया, जो तिमाही के लिए बिक्री का 6 फीसदी है। सन फार्मा के चेयरमैन और MD दिलीप सांघवी ने कहा: "सन ने हाल ही में फिलोजेन के साथ एक समझौते के माध्यम से अपनी स्पेशियलिटी पाइपलाइन को मजबूत किया है, ताकि मंजूरी मिलने पर लेट स्टेज कैंडिडेट फाइब्रोमुन का कमर्शियलाइजिंग किया जा सके। फाइब्रोमुन के साथ, डर्मेटोलॉजिस्ट के लिए हमारे प्रोडक्ट बास्केट का और विस्तार हुआ है। हम बाजार के करीब प्रोडक्ट्स के साथ अपनी पाइपलाइन को मजबूत करने के लिए अपनी मजबूत कैश पोजिशन का लाभ उठाना जारी रखेंगे।"