Suzlon Energy Share: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी सुजलॉन एनर्जी को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) दोनों ने वॉर्निंग लेटर जारी किया है। कंपनी को यह चेतावनी मार्केट रेगुलेटर सेबी के नियमों का पालन नहीं करने के चलते जारी किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक सुजलॉन एनर्जी ने लिस्टिंग और जरूरी डिस्क्लोजर नियमों (LODR) का पालन नहीं किया, जिसके चलते उसे यह नोटिस मिला है। इस बीच कंपनी के शेयरों में आज एक अक्टूबर को 0.45 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक 79.73 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 1.08 लाख करोड़ रुपये है।
NSE और BSE ने नोटिस में क्या कहा?
NSE और BSE की नोटिस में कहा गया है कि कंपनी ने इंडीपेंडेंट डायरेक्टर मार्क डेसेडेलियर के इस्तीफे और जून में आयोजित एनालिस्ट कॉल के बारे में एक्सचेंजों को समय पर जानकारी नहीं दी। एक्सचेंज ने कहा, "इस्तीफा देने वाले इंडिपेंडेंट डायरेक्टर द्वारा उठाए गए मुद्दों पर कंपनी से प्राप्त जवाबों और दस्तावेजों की समीक्षा करने पर यह पाया गया कि ऐसे बहुत कम उदाहरण हैं, जहां कंपनी द्वारा बेहतर कॉर्पोरेट गवर्नेंस प्रैक्टिसेज का पालन किया जा सकता था।"
यह 8 जून 2024 को सुजलॉन द्वारा प्रस्तुत किए गए डिस्क्लोजर के बारे में है, जिसमें मार्क डेसेडेलर के इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के रूप में इस्तीफे के बारे में बताया गया था, जिसमें त्याग पत्र में इस बात पर जोर दिया गया था कि कॉर्पोरेट गवर्नेंस के स्टैंडर्ड्स उम्मीद के मुताबिक नहीं हैं।
'फिर हुई गलती तो लिया जाएगा एक्शन'
BSE और NSE ने कहा, "आपकी ओर से की गई इस नॉन-कंप्लायंस को गंभीरता से लिया गया है। आपको भविष्य में सावधान रहने, उचित सावधानी बरतने और ऐसी चूकों की दोहराव से बचने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने की सलाह दी जाती है, ताकि सेबी LODR के लागू प्रावधानों का उचित अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। भविष्य में किसी भी तरह की चूक को गंभीरता से लिया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।"
एक्सचेंजों ने अपने नोटिस में सुजलॉन द्वारा 9 जून 2024 को आयोजित एनालिस्ट और इनवेस्टर कॉल के संबंध में भी नियमों का पालन नहीं करने का जिक्र किया है। सेबी के अनुसार कंपनियों को कम से कम दो वर्किंग डे पहले स्टॉक एक्सचेंजों को ऐसी इवेंट्स की सूचना देनी चाहिए। लेकिन कंपनी ने डायरेक्टर के इस्तीफे के बाद चिंताओं को दूर करने के लिए शॉर्ट नोटिस पर कॉल शेड्यूल किया। सुजलॉन ने भरोसा दिया है कि इन मुद्दों का कंपनी के फाइनेंशियल या कामकाज पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा।