Suzlon Energy Shares Price: सुजलॉन एनर्जी के शेयरों में मंगलवार 30 जुलाई को लगातार सातवें कारोबारी दिन तेजी जारी रही। कंपनी के शेयर 5 फीसदी तेजी के साथ 68.22 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। साथ ही शेयरों ने अपनी अपर सर्किट सीमा को भी छू लिया। जून तिमाही के नतीजों के ऐलान के बाद से कंपनी के शेयरों में अबतक करीब 23 फीसदी की तेजी आ चुकी है। विंड एनर्जी कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा करीब 200 प्रतिशत बढ़कर 1,348 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले साल इसी तिमाही में 302 करोड़ रुपये रहा था।
मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू भी 50 प्रतिशत बढ़कर 2,016 करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ ही, कंपनी ने पहली तिमाही में 3.8 गीगावाट का अपना अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर बुक भी दर्ज किया। कंपनी के मैनेजमेंट ने कहा कि यह भविष्य के लिए बहुत अच्छी संभावनाएं मुहैया कराता है।
सुजलॉन ग्रुप के वाइस-चेयरमैन गिरीश तांती ने कहा, "यह बताता है कि हम इंडस्ट्री की मांग को पूरा करने और अनुकूल परिस्थितियों का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में हमारे सबसे अहम प्रोडक्ट सीरीज, 3.x MW S144 की डिलीवरी के साथ, हम अपनी मौजूदा ऑर्डर बुक को पूरा करने के लिए मजबूत स्थिति में हैं।"
जून तिमाही के नतीजों के बाद ब्रोकरेज भी सुजलॉन के शेयरों पर बुलिश हैं। ब्रोकरेज फर्म ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने 73.5 रुपये प्रति शेयर के टारगेट के साथ सुजलॉन के शेयरों पर अपनी 'ओवरवेट' रेटिंग को बरकरार रखा है। हालांकि पिछले 7 दिनों में आई तेजी के साथ सुजलॉन के शेयर ने इस टारगेट को पार कर लिया है।
ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि जून तिमाही के कंपनी की अर्निंग्स मजबूत रही। कुल डिलीवरी 274 मेगावाट रही, जो इसके 250 मेगावाट के अनुमान से बेहतर है। सुजलॉन एनर्जी एक मल्टीबैगर स्टॉक रहा है, जिसने पिछले एक साल में 277 प्रतिशत रिटर्न दिया है। वहीं पिछले 5 साल में इसके शेयरों में 1,650 फीसदी की बंपर तेजी आई है।
आनंद राठी ने किया डाउनग्रेड, लेकिन बढ़ाया टारगेट
दूसरी ओर ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी ने स्टॉक में तेज उछाल का हवाला देते हुए अपनी Buy रेटिंग को घटाकर Hold कर दिया है। वहीं, ब्रोकेरज ने अपना टारगेट प्राइस बढ़ाकर ₹69 कर दिया है। आनंद राठी के जिगर पटेल ने कहा, "यह ब्रेकआउट अहम है क्योंकि यह मार्केट सेंटीमेंट में बदलाव को दिखाता है, जो संभावित रूप से एक अपवर्ड ट्रेंड की शुरुआत है। बुलिश आउटलुक को मंथली रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) द्वारा और अधिक सपोर्ट मिलता है, जो ओवरबॉट जोन में एंट्री कर चुका है।"
उन्होंने आगे कहा, "यह टेक्निकल इंडिकेटर बताता है कि शेयर में मजबूत अपवर्ड मोमेंटम है। आगे ₹55 का लेवल एक मजबूत सपोर्ट के रूप में काम कर सकता है। ऊपर की ओर ₹75 के लेवल के पास रेजिस्टेंस की उम्मीद है, जो शॉर्ट टर्म में आगे की कीमत वृद्धि पर एक कैप के रूप में काम कर सकता है।"