NTPC के शेयरों को मिला एक्सपर्ट्स का सपोर्ट, 5% उछलकर पहुंचा रिकॉर्ड हाई पर

NTPC Shares: एनटीपीसी के शेयर एक साल में करीब 97 फीसदी उछलकर आज रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने इसका टारगेट प्राइस बढ़ा दिया जिसके चलते शेयर आज करीब 5 फीसदी ऊपर चढ़े हैं। हालांकि एक और ब्रोकरेज फर्म कोटक ने इसे बेचने की सलाह दी है लेकिन टारगेट प्राइस बढ़ाया है। जानिए इस मिले-जुले रुझान की वजह

अपडेटेड Jul 30, 2024 पर 3:58 PM
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने एनटीपीसी की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 445 रुपये से बढ़ाकर 485 रुपये कर दिया है।

NTPC Share Price: एनटीपीसी के शेयरों में आज खरीदारी का जोरदार रुझान दिखा। इसके शेयरों की इतनी ताबड़तोड़ खरीदारी हो रही है कि 4 फीसदी से अधिक उछलकर यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। आज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) के टॉप गेनर्स में यह शुमार है। आगे की बात करें तो वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है लेकिन टारगेट प्राइस को बढ़ा दिया है जिसने आज शेयरों को तगड़ा सपोर्ट किया। आज BSE पर यह 3.31 फीसदी की बढ़त के साथ 406.90 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.76 फीसदी उछलकर 412.60 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर चला गया था। पिछले साल 31 जुलाई 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 209.75 रुपये पर था।

NTPC पर क्यों लगाया ब्रोकरेज ने दांव?

वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने एनटीपीसी की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 445 रुपये से बढ़ाकर 485 रुपये कर दिया है। जेफरीज का कहना है कि एनटीपीसी को जून तिमाही में जो मुनाफा हुआ, वह उसकी उम्मीद से करीब 11 फीसदी अधिक रहा। जून तिमाही में इसने 90 मेगावॉट कैपेसिटी बढ़ाई है और अब मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2025-27 में 23 गीगावॉट की कैपेसिटी जोड़ने का लक्ष्य रखा है। ब्रोकरेज के मुताबिक रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी में तेजी और ग्रीन हाईड्रोजन में ग्रोथ से इसके कारोबार को सपोर्ट मिलेगा।


एक ब्रोकरेज ने दी सेल रेटिंग

जेफरीज ने एनटीपीसी को खरीदारी की रेटिंग दी और टारगेट प्राइस बढ़ा दिया। वहीं दूसरी तरफ एक घरेलू ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इसे सेल रेटिंग दी है। हालांकि ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस बढ़ाया है। कोटक ने एनटीपीसी के शेयरों का टारगेट प्राइस 275 रुपये से बढ़ाकर 290 रुपये किया है। हालांकि कोटक का यह करना है कि अगर यह अपनी कोल कैपेसिटी को 15 गीगावॉट और बढ़ाती है तो इसके टारगेट प्राइस में 15 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। रिन्यूएबल कैपेसिटी में 50 गीगावॉट की बढ़ोतरी होती है तो टारगेट प्राइस 15 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। ब्रोकरेज का कहना है कि इसके ग्रोथ की जितनी भी गुंजाइश है, वह इसके वैल्यूएशन में शामिल हो चुका है यानी कि आगे तेजी की गुंजाइश कम दिख रही है।

NTPC Q1 Results: जून तिमाही में 11% बढ़ा मुनाफा, बाजार के अनुमान से बेहतर रहे नतीजे

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।