Suzlon Share Price: सुजलॉन में 11% तक की तूफानी तेजी, मुनाफावसूली करें या होल्ड?
Suzlon Share Price: सुजलॉन के शेयर में 11% की उछाल ने निवेशकों को चौंकाया है। नए ऑर्डर और मजबूत ऑर्डर बुक से कंपनी की ग्रोथ स्टोरी को बल मिला है। क्या अब मुनाफा वसूला जाए या होल्ड किया जाए? जानिए एक्सपर्ट्स की राय।
सुजलॉन के शेयरों में मार्च 2025 से अब तक 20% की बढ़त दर्ज की गई है।
Suzlon Share Price: सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) के शेयरों में सोमवार (21 अप्रैल) को इंट्राडे ट्रेडिंग के दौरान 11% तक की तेजी देखी गई। यह लगातार दूसरा दिन है, जब कंपनी के शेयरों में मजबूती आई है। शेयर ₹55.08 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले ₹55.58 पर खुला और 11% उछलकर ₹61.10 तक पहुंच गया। यह आखिर में 9.55% की तेजी के साथ ₹60.34 पर बंद हुआ।
Suzlon Energy के शेयरों में तेजी की वजह
सुजलॉन ने 17 अप्रैल को बताया था कि उसे Sunsure Energy से 100.8 मेगावॉट का EPC ऑर्डर मिला है, जो Sunsure की विंड एनर्जी क्षेत्र में पहली बड़ी एंट्री है। यह प्रोजेक्ट महाराष्ट्र के Jath क्षेत्र में लगाया जाएगा।
इस ऑर्डर के तहत Suzlon 48 S120 विंड टर्बाइन जेनरेटर (प्रत्येक 2.1 मेगावॉट क्षमता के) और Hybrid Lattice Towers की आपूर्ति करेगी। कंपनी टर्बाइनों की आपूर्ति से लेकर इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और बाद की मेंटेनेंस सर्विसेज भी देगी।
Suzlon Energy के शेयर में तेजी का ट्रेंड
सुजलॉन के शेयरों में मार्च 2025 से अब तक 20% की बढ़त दर्ज की गई है। अप्रैल में अब तक इसमें 4% का उछाल आया है, जबकि मार्च में यह 14% चढ़ा था। पिछले एक साल में यह शेयर 51% ऊपर गया है। 12 सितंबर को इसने ₹86.04 का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर और 13 मई को ₹37.95 का निचला स्तर छुआ था।
रिटेल इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी बढ़ी
सुजलॉन एनर्जी में मार्च तिमाही में रिटेल निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़कर 25.12% हो गई, जो दिसंबर में 24.49% थी। विदेशी निवेशकों (FPI) की हिस्सेदारी लगभग 23% पर स्थिर रही, जबकि घरेलू म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी घटकर 4.17% रह गई, जो दिसंबर में 4.44% थी।
क्या Suzlon के शेयर अभी खरीदने चाहिए?
शेयर मार्केट एक्सपर्ट का मानना है कि Suzlon को मिड और लॉन्ग टर्म नजरिए से खरीदा जा सकता है। Bigul के CEO अतुल परख का कहना है कि Q3FY25 के नतीजे कंपनी की टर्नअराउंड कहानी को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा, "रिकॉर्ड ऑर्डर बुक, बेहतर निर्माण क्षमता, और फाइनेंशियल परफॉर्मेंस में जबरदस्त सुधार सुजलॉन के फ्यूचर को मजबूत बनाते हैं। Suzlon अब हाई मार्जिन और नॉन-EPC ऑर्डर्स पर फोकस कर रही है।"
टेक्निकल व्यू: ब्रेकआउट के करीब?
Choice Broking के डेरिवेटिव एक्सपर्ट हार्दिक मटालिया के अनुसार, Suzlon का शेयर अभी ₹62 के नजदीक मजबूत रेजिस्टेंस का सामना कर रहा है। अगर यह स्तर पार हो जाता है, तो शेयर में ₹70 तक की तेजी संभव है।
मटालिया मानते हैं कि ₹55 का सपोर्ट मजबूत है, और जब तक शेयर इसके ऊपर बना रहता है, यह आकर्षक खरीदारी का मौका हो सकता है। लॉन्ग टर्म इन्वेस्टर्स को गिरावट पर धीरे-धीरे पोजिशन बनानी चाहिए।
क्या सुजलॉन में मुनाफावसूली करनी चाहिए?
Anand Rathi के रिसर्च हेड जिगर एस पटेल ने कहा कि शेयर अभी ₹60 के आसपास Camarilla R3 रेजिस्टेंस जोन में है, ऐसे में कुछ आंशिक मुनाफावसूली की रणनीति अपनाई जा सकती है। हालांकि, चार्ट स्ट्रक्चर अब भी बुलिश है।
JM Financial का भी सुजलॉन एनर्जी पर बुलिश रुख है। ब्रोकरेज ने Suzlon को 71 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ BUY रेटिंग दी है।