Swiggy Q2 results: ऑनलाइन फूड डिलीवर करने वाली कंपनी स्विगी ने आज 2 दिसंबर को FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू बढ़ा है और घाटे में कमी आई है। तिमाही के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 30 फीसदी बढ़कर 3,601.5 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 2,763.3 करोड़ रुपये था। रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक प्लेटफॉर्म पर लेन-देन करने वाले यूजर्स की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। स्विगी के शेयरों में आज 1.20 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 501.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
कैसे रहे Swiggy के तिमाही नतीजे
सितंबर तिमाही के दौरान स्विगी का घाटा भी 657 करोड़ रुपये से 5 फीसदी कम होकर 625.5 करोड़ रुपये हो गया। स्विगी ने Q1FY25 के दौरान 3,222.2 करोड़ रुपये का रेवेन्यू पोस्ट किया था और इसका घाटा 611 करोड़ रुपये था। स्विगी को टक्कर देने वाली कंपनी जोमैटो ने सितंबर तिमाही के दौरान 4799 करोड़ रुपये का रेवेन्यू पोस्ट किया था और प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) 272 करोड़ रुपये था।
लिस्ट होने के बाद Swiggy ने पहली बार जारी किए तिमाही नतीजे
स्विगी पिछले महीने शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद पहली बार अपने नतीजे घोषित कर रही है। Q2FY25 में, स्विगी ने अपने मासिक लेनदेन करने वाले यूजर्स (MTU) में 10 लाख की वृद्धि देखी। कंपनी के पास अब कुल 171 लाख यूजर्स हैं, जो तिमाही आधार पर 7 फीसदी और सालाना 19 फीसदी की बढ़ोतरी है।
स्विगी के MD और ग्रुप CEO श्रीहर्ष माजेटी ने कहा, "हमारे फूड बिजनेस ऑपरेशन का शानदार प्रदर्शन मजबूत इनोवेशन और एग्जीक्यूशन के बल पर आता है। हम लगातार कंज्यूमर्स के अनुभव का अनुमान लगाने और उसे बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं।" कंपनी ने कहा कि स्विगी के 10 मिनट के फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Bolt की अब सभी फूड ऑर्डर में 5 फीसदी हिस्सेदारी है।
उन्होंने आगे कहा, "हाल ही में लॉन्च की गई Bolt- हमारी 10 मिनट की डिलीवरी सर्विस इसका एक उदाहरण है। इसी तरह क्विक कॉमर्स में हम शहरी परिवारों को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करने के लिए कंज्यूमर बिहैवियर का अनुमान लगा रहे हैं और उसका जवाब दे रहे हैं। इंस्टामार्ट आज 54 शहरों में मौजूद है और 13 मिनट के औसत डिलीवरी समय के भीतर 32000 से अधिक यूनिक आइटम्स की डिलीवरी करता है।"