Swiggy share price: ऑनलाइन फूड डिलीवर करने वाली कंपनी स्विगी के शेयरों में आज 16 दिसंबर को 13 फीसदी से अधिक की दमदार तेजी आई है। यह स्टॉक BSE पर 11.70 फीसदी की बढ़त के साथ 594.80 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 612.30 रुपये के अपने नए रिकॉर्ड हाई को छू लिया। इस शेयर ने लिस्टिंग के बाद अपने निवेशकों को शानदार मुनाफा कराया है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.35 लाख करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक लो 390.70 रुपये है।
ब्रोकरेज ने आगे भी Swiggy में तेजी की जताई उम्मीद
डोमेस्टिक ब्रोकरेज एक्सिस कैपिटल ने स्विगी पर कवरेज शुरू किया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी देखने को मिली है। ब्रोकरेज ने कंपनी के शेयरों पर 'Buy' की सिफारिश की है और 640 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों में मौजूदा लेवल से 6 फीसदी की तेजी की संभावना है।
IPO निवेशकों को तगड़ा रिटर्न
स्विगी के शेयर 13 नवंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 7.69 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुए। शेयर की शुरुआत NSE पर 420 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुई। इस आईपीओ के लिए 390 रुपये का इश्यू प्राइस तय किया गया था। लिस्टिंग के बाद इस शेयर ने अपने निवेशकों को 44 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है। इसके अलावा, जिन निवेशकों को आईपीओ में शेयर अलॉट हुए थे, वे आज की तेजी के साथ 55 फीसदी के मुनाफे पर बैठे हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।