कारोबारी हफ्ते के पहले दिन आज बाजार में बैंकिंग शेयरों का जलवा रहा। ICICI बैंक के नतीजों के दम पर बैंक निफ्टी में जोरदार तेजी आई और बैंक निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक 869 प्वाइंट चढ़कर 41,192 पर बंद हुआ। बैंक के साथ ही फाइनेंस शेयरों में भी खरीदारी रही। वहीं निफ्टी में आज कारोबार फ्लैट रहा। साथ मिड कैप और स्मॉल कैप में भी बिकवाली हावी दिखी। मिडकैप तो 500 अंक से ज्यादा टूट गए। रियल्टी, ऑटो और IT शेयरों ने दबाव बनाया।
निफ्टी 10 प्वाइंट चढ़कर 18,125 पर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स 145 प्वाइंट चढ़कर 60,967 पर बंद हुआ। निफ्टी बैंक 869 प्वाइंट चढ़कर 41,192 पर बंद हुआ। मिडकैप 529 प्वाइंट गिरकर 30,553 पर बंद हुआ।
Geojit Financial Services के विनोद नायर का कहना है कि बाजार की शुरुआत आज कमजोरी के साथ हुई लेकिन बैंकिंग शेयरों से मिले मजबूत सपोर्ट ने बाजार पर से दबाव को हटाने का काम किया और बाजार गिरावट से उबर कर फ्लैट होता दिखा। असेट क्वालिटी में सुधार और दूसरी तिमाही में आई कारोबारी मजबूती ने बैंक शेयरों में जोश भर दिया।
कल कैसी रहेगी बाजार की चाल
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि बाजार का शॉर्ट टर्म स्ट्रक्चर कमजोर दिख रहा है। लेकिन अगर निफ्टी 18,000-18,050 पर टिका रहता है तो एक तेज पुल बैक रैली की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। डे ट्रेडर्स के लिए 18,050 का स्तर अहम सपोर्ट का काम करेगा। अगर निफ्टी इसके ऊपर टिके रहने में कामयाब रहता है तो फिर हमें 18,250-18,310 का स्तर भी देखने को मिल सकता है। वहीं अगर निफ्टी 18,050 के नीचे फिसलता है तो और कमजोरी आ सकती है।
Axis Securities के राजेश पालवीय का कहना है कि निफ्टी के लिए ऊपर की तरफ 18,300 का स्तर काफी अहम है। अगर ये इस लेवल के ऊपर टिका रहता है तो फिर हमें 18,500-18,700 का स्तर भी देखने को मिल सकता है। वहीं, नीचे की तरफ अगर निफ्टी 18000 का इंट्राडे सपोर्ट लेवल तोड़ता है तो फिर हमें 17,800-17,600 तक का करेक्शन देखने को मिल सकता है। डेली स्ट्रेंथ इंडीकेटर RSI overbought zone से कम हुआ है, जो ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली का संकेत देता है।