बाजार में आज लगातार 5वें दिन गिरावट देखने को मिली। कमजोर ग्लोबल संकेतों और फेडरल रिजर्व की मीटिंग के पहले बाजार में आज कमजोरी हावी रही। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1545.67 अंक यानी 2.62 फीसदी टूटकर 57,491.51 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 468.05 अंक यानी 2.66 फीसदी गिरकर 17,149.10 के स्तर पर बंद हुआ।
बाजार की चाल पर बात करते हुए LKP securities के एस रंगनाथन ने कहा कि फेड की आगामी बैठक के पहले कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बाजार पर अपना असर दिखाया और बाजार में आज भारी गिरावट देखने को मिली। इन गिरावट के सबसे बड़े शिकार नई युग के टेक्नोलॉजी आधारित शेयर हुए। इनमें एफआईआई ने भारी खरीदारी की थी और कमजोरी की स्थिति में ही उन्होंने ही भारी भगदड़ दिखाई है।
आज दोपहर के कारोबार में वौलेटिलिटी इंडेक्स VIX में 25 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। बाजार में आज चौतरफा बिकवाली रही जिसके चलते बीएसई सेंसेक्स 57000 के नीचे फिसल गया। निफ्टी ने पिछले कारोबारी सत्रों में 1000 अंक गवाएं है । निवेशक आगे बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के लिए अपने आपको तैयार कर रहे है।
कल कैसी रह सकती है बाजार की चाल
Religare Broking के अजित मिश्रा का कहना है कि आगे बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। निवेशक फेड की मीटिंग के नतीजों का इंतजार कर रहे है। इसके सिवा बजट के पहले की अनिश्चितताएं, कंपनियों के नतीजो का मौसम और मंथली एक्सपायरी इस उतार-चढ़ाव को और बढ़ावा देगा। ऐसे में ट्रेडरों को बहुत लिवरेज्ड पोजिशन लेने से बचना होगा और रिस्क मैनेजमेंट पर ध्यान देना होगा। वहीं निवेशक इस गिरावट को क्वालिटी शेयरों में अच्छे भाव पर खरीदारी का मौका समझ सकते है।
LKP Securities के Rupak De का कहना है कि आगे इंडेक्स में कमजोर कायम रहने की संभावनाएं हैं। हालांकि निफ्टी में 17150 के ऊपर को मजबूत ट्रेड बाजार में एक रिलीफ रैली ला सकती है। वहीं अगर 17,150 के नीचे फिसलता है तो यह गिरावट 17000 तक जा सकती है।
YES Securities के अमर अंबानी का कहना है कि निफ्टी में अभी 500 अंकों की गिरावट की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। लेकिन अच्छी बात यह है कि स्टॉक मार्केट यूनियन बजट के नजदीक आने के साथ ही करेक्शन के चलते काफी हल्का और अच्छा हो गया है। जो इस समय अच्छे शेयरों में खरीदारी का मौका दे रहा है। इसके अलावा अभी तक कंपनियों के नतीजे अच्छे रहे हैं। ओमीक्रोन ने भी इकोनॉमी को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है। बाजार का स्ट्रक्चर मजबूत बना हुआ है। हमें इस बात का विश्वास है कि निफ्टी 2022 में 2021 से भी ऊंची छलांग लगा सकता है।