Stock market: बाजार में आज भी तेजी जारी रही। फ्यूचर्स और ऑप्शंस की एक्सपायरी वाले दिन सभी सेक्टरों में आई खरीदारी के दम पर निफ्टी एक बार फिर से 17900 का स्तर हासिल करने में कामयाब रहा। बाजार ने आज मिलेजुले ग्लोबल संकेतों के बीच सपाट चाल के साथ शुरुआत की थी। लेकिन कारोबारी सत्र के दूसरे भाग में आई खरीदारी के चलते सेंसेक्स-निफ्टी आज दिन के हाई के करीब बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 348.80 अंक यानी 0.58 फीसदी की बढ़त के साथ 60649.38 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 101.40 अंक यानी 0.57 फीसदी की बढ़त के साथ 17915 के स्तर पर बंद हुआ है। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में बढ़त रही। वहीं, निफ्टी के 50 में से 40 शेयरों में तेजी देखने को मिली। निफ्टी बैंक के 12 में से 8 शेयरों में तेजी रही। उधर डॉलर के मुकाबले रुपया आज 7 पैसे कमजोर होकर 81.84 के स्तर पर बंद हुआ है।
