वित्त वर्ष 2022-23 को भारतीय बाजार ने जोरदार सलामी दी है। 1 अप्रैल यानी आज के कारोबार में बैंक, पावर, ऑयल एंड गैस और रियल्टी शेयरों के दमदार प्रदर्शन के चलते सेंसेक्स और निफ्टी 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त लेकर बंद होने में कामयाब रहे हैं। सेंसेक्स ने आज इंट्राडे में 59,396.62 का स्तर छुआ। हालांकि कारोबार के अंत में यह ऊपर से थोड़ा हल्का होकर 708.18 अंक यानी 1.21 फीसदी की बढ़त के साथ 59,276.69 के स्तर पर बंद हुआ। वही निफ्टी ने इंट्राडे में 17,703 का लेवल छुआ और कारोबार के अंत में आज 205.70 अंक यानी 1.18 फीसदी की बढ़त के साथ 17,670.45 के स्तर पर बंद हुआ है।
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि इस हफ्ते भारतीय बाजार ने पॉजिटिव रिटर्न दिया है। ग्लोबल स्तर पर भी इस हफ्ते भी इक्विटी मार्केट काफी हद तक मजबूत रहे हैं। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही बातचीत में प्रगति के संकेत से बाजार को सहारा मिला है। उन्होंने आगे कहा कि कमोडिटी के भाव में उसके हाल के हाई लेवल से कुछ नरमी आई है। इसके चलते भारतीय बाजार में एक व्यापक आधार वाली तेजी देखने को मिली है। इस तेजी में अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स ने पॉजिटिव रिटर्न दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि इस हफ्ते कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। जो कि तेल के इंपोर्ट पर निर्भर करने वाले भारत जैसे देशों के लिए पॉजिटिव संकेत है। आगे बाजार की नजर कमोडिटी की कीमतों , महंगाई के आंकड़ों और केंद्रीय बैंकों के नीतिगत निर्णयों पर टिकी रहेगी।
अगले हफ्ते कैसी रहेगी बाजार की चाल
Sharekhan के गौरव रत्नपाऱखी का कहना है कि 1 अप्रैल को निफ्टी ने क्लोजिंग बेसिस पर 17500 की बड़ी बाधा को तोड़ दिया। वीकली चार्ट से संकेत मिलता है कि इस हफ्ते इंडेक्स ने अपनी बढ़त बनाए रखने में कामयाबी हासिल की और इसने वीकली चार्ट पर एक बुलिश आउट साइड बार बनाया है। डेली चार्ट पर भी निफ्टी ने एक बुलिश आउट साइड बार बनाया है इसके साथ ही इसने एक इनगल्फिंग बुलिश कैंडल भी बनाया है। इससे इस बात का संकेत मिलता है कि बुल्स का झंडा बुलंद है।
इसके साथ ही डेली अपर बोलिंगर बैंड ऊपर की तरफ बढ़ना शुरु हो गया है। जिससे इंडेक्स के ऊपर जाने का रास्त खुलता नजर आ रहा है। इन सभी संकेतों से ऐसा लगता है कि निफ्टी जल्द ही ऊपर की तरफ 18,000 का लेवल छू सकता है। नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 17500-17420 पर सपोर्ट नजर आ रहा है।