Tamilnad Mercantile Bank: Q1 नतीजों के बाद खरीद की आंधी, शेयर 11% चढ़ा; मुनाफे में 35% और NII में 32% का इजाफा

Tamilnad Mercantile Bank Share Price: बैंक का मार्केट कैप बढ़कर 14100 करोड़ रुपये के पार चला गया है। तूतीकोरिन स्थित तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक, देश में निजी क्षेत्र के सबसे पुराने बैंकों में से एक है। बैंक की शेयर बाजार में लिस्टिंग सितंबर 2022 में हुई थी

अपडेटेड Jul 27, 2026 पर 4:12 PM
जून 2026 तिमाही में Tamilnad Mercantile Bank की शुद्ध ब्याज आय 765.4 करोड़ रुपये हो गई।

तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के शेयर में 27 जुलाई को शानदार तेजी है। दिन में कीमत पिछले बंद भाव से 14 प्रतिशत तक उछली। BSE पर शेयर 915.35 रुपये के हाई तक गया। यह इसका 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। बाद में शेयर 11 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 892.80 रुपये पर सेटल हुआ। बैंक के तिमाही नतीजे जारी होने के बाद शेयर में बंपर खरीद हुई। बैंक का मार्केट कैप बढ़कर 14100 करोड़ रुपये के पार चला गया। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 35 प्रतिशत बढ़कर 411.51 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 304.89 करोड़ रुपये था।

कुल इनकम 1900.79 करोड़ रुपये रही, जो जून 2025 तिमाही की इनकम 1617.47 करोड़ रुपये से 17.5 प्रतिशत ज्यादा है। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 611 करोड़ रुपये रहा, जबकि जून 2025 तिमाही में यह 412.26 करोड़ रुपये था। शेयर बाजारों को दी गई जानकारी के मुताबिक, जून 2026 तिमाही में तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 765.4 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह ₹579 करोड़ रुपये थी।

Tamilnad Mercantile Bank की एसेट क्वालिटी में सुधार


बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (NPA) रेशियो जून 2026 तिमाही में कम होकर 0.69 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 1.22 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी घटकर 0.17 प्रतिशत पर आ गया, जबकि जून 2025 तिमाही में यह 0.33 प्रतिशत था। एसेट्स पर रिटर्न 2.14 प्रतिशत रहा, जबकि एक साल पहले यह 1.82 प्रतिशत था।

जून 2026 तिमाही में तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के डिपॉजिट्स का आंकड़ा लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 64408.69 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 53803.20 करोड़ रुपये था। एडवांसेज 27.5 प्रतिशत बढ़कर 57040.50 करोड़ रुपये के हो गए, जबकि जून 2025 तिमाही में ये 44732.57 करोड़ रुपये के थे।

AU Small Finance Bank: Q1 में अच्छी कमाई का कमाल! शेयर ने लगाई 6% तक की छलांग

शेयर ने एक साल में लगभग डबल किया पैसा

तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक की शेयर बाजार में लिस्टिंग सितंबर 2022 में हुई थी। इसका IPO 807.84 करोड़ रुपये का था। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक महीने में 22 प्रतिशत चढ़ा है। 6 महीनों में यह 60 प्रतिशत और एक साल में 96 प्रतिशत की तेजी देख चुका है।

तूतीकोरिन स्थित तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक, देश में निजी क्षेत्र के सबसे पुराने बैंकों में से एक है। यह मुख्य रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), कृषि और रिटेल ग्राहकों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं मुहैया कराता है। बैंक की शुरुआत 1921 में हुई थी। उस वक्त इसका नाम नादर बैंक लिमिटेड था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।