तानला प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयरों में 23 जुलाई को अच्छी तेजी रही। शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 17 प्रतिशत तक चढ़ा। BSE पर 656.70 रुपये के हाई तक गया। बाद में 10.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 618.90 रुपये पर बंद हुआ। एक दिन पहले कंपनी ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए थे, जिसके बाद शेयर में निवेशकों ने जमकर पैसे लगाए। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 20 प्रतिशत बढ़कर 142.17 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 118.40 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1226.39 करोड़ रुपये रहा। यह जून 2025 तिमाही में 1040.65 करोड़ रुपये था। खर्च 1059.21 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही में 905.22 करोड़ रुपये के थे। जून 2026 तिमाही में तानला प्लेटफॉर्म्स का EBITDA (अर्निंग्स बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डेप्रिसिएशन एंड अमॉर्टाइजेशन) 201 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
क्या करती है Tanla Platforms
तानला प्लेटफॉर्म्स का पुराना नाम तानला सॉल्यूशंस लिमिटेड था। यह एक ग्लोबल कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म एज ए सर्विस (CPaaS) प्रोवाइडर है। यह कंपनियों को SMS, वॉइस, WhatsApp और RCS जैसे चैनलों के जरिए ग्राहकों से सुरक्षित रूप से बातचीत करने में मदद करती है। इसके अलावा AI-बेस्ड एंटी-SMS फिशिंग टेक्नोलॉजी और ब्लॉकचेन-बेस्ड स्पैम प्रोटेक्शन भी उपलब्ध कराती है। कंपनी का हेडक्वार्टर हैदराबाद में है। तानला की वेबसाइट के मुताबिक, इसकी अलग-अलग इंडस्ट्रीज में 2000 से ज्यादा कंपनियों के साथ पार्टनरशिप है। इन कंपनियों में गूगल, मेटा, ट्रूकॉलर जैसे नाम भी शामिल हैं।
शेयर 2 सप्ताह में 20 प्रतिशत मजबूत
तानला प्लेटफॉर्म्स का मार्केट कैप बढ़कर 8200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 765.75 रुपये और एडजस्टेड लो 372 रुपये है। शेयर 2 सप्ताह में लगभग 20 प्रतिशत और 6 महीनों में करीब 30 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 46.17 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।