Tata Group ने टाटा संस के नए चेयरमैन की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की, अगले चेयरमैन के सामने होंगी ये चुनौतियां
Sir Dorabji Tata Trust के ट्रस्टीज ने 13 अगस्त को एक प्रस्ताव पारित किया। इसमें जल्द से जल्द एक सेलेक्शन कमेटी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के बारे में कहा गया है। यह कमेटी उस व्यक्ति के नाम की सिफारिश करेगी, जिसे टाटा संस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का नया चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा
चंद्रशेखरन करीब 9 साल तक टाटा संस के चेयरमैन रहे। इस दौरान समूह ने कारोबार के विस्तार के लिए कई बड़े फैसले लिए।
टाटा समूह ने टाटा संस के नए चेयरमैन की तलाश की प्रक्रिया 13 अगस्त को शुरू कर दी। एन चंद्रशेखर ने 12 अगस्त को टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफे का ऐलान किया था। हालांकि, वह 20 फरवरी, 2027 तक पद पर बने रहेंगे। इससे पहले ग्रुप को टाटा संस के नए चेयरमैन के नाम का ऐलान करना होगा। टाटा ग्रुप देश का सबसे बड़ा कारोबारी समूह है। इस समूह की करीब तीन दर्जन कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं।
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने पारित किया प्रस्ताव
Sir Dorabji Tata Trust के ट्रस्टीज ने 13 अगस्त को एक प्रस्ताव पारित किया। इसमें जल्द से जल्द एक सेलेक्शन कमेटी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के बारे में कहा गया है। यह कमेटी उस व्यक्ति के नाम की सिफारिश करेगी, जिसे टाटा संस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का नया चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा। ट्रस्ट ने कहा है, "लीडरशिप में बदलाव की प्रक्रिया को आसान बनाने में हमारा पूरा सहयोग टाटा संस को मिलेगा।"
टाटा समूह के लिए काफी मुश्किल रहा है बीता एक साल
बीते एक साल में टाटा समूह को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। पिछले साल अहमदाबाद में एक बड़े विमान के क्रैश कर जाने के बाद एयर इंडिया को व्यापक रेगुलेटरी जांच का सामना करना पड़ा है। टाटा समूह की सबसे बड़ी कंपनी TCS पर प्राइसिंग प्रेशर रहा है। उधर, एक साइबर हमले का असर JLR में उत्पादन पर पड़ा।
फरवरी में तीसरी बार चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर नहीं हो सका फैसला
इस साल फरवरी में एन चंद्रशेखरन को तीसरी बार टाटा संस का चेयरमैन नियुक्त करने के प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी। लेकिन, नोएल टाटा के विरोध की वजह से प्रस्ताव पर विचार नहीं हो सका। नोएल टाटा टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन हैं। वह टाटा संस के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा के सौतेले भाई हैं।
एन चंद्रशेखरन ने 12 अगस्त की सुबह इस्तीफे का किया ऐलान
तीसरी बार टाटा संस के चेयरमैन पद पर नियुक्ति में हो रही देर के बाद 12 अगस्त को एन चंद्रशेखरन ने इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह तीसरी बार टाटा संस का चेयरमैन नियुक्त होना नहीं चाहते हैं। उन्होंने टाटा संस के बोर्ड से जल्द अपने उत्तराधिकारी की तलाश करने को कहा।
चंद्रशेखरन ने अपने 9 साल के कार्यकाल में लिए कई बड़े फैसले
चंद्रशेखरन करीब 9 साल तक टाटा संस के चेयरमैन रहे। इस दौरान समूह ने कारोबार के विस्तार के लिए कई बड़े फैसले लिए। ग्रुप ने सरकार की एयरलाइंस कंपनी एयर इंडिया का अधिग्रहण किया। इसके अलावा ग्रुप की एंट्री सेमीकंडक्टर, बैटरीज और डिजिटल बिजनेसेज में हुई। टाटा संस टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी है। समूह के कारोबार के विस्तार में इसकी ब़़ड़ी भूमिका है।
टाटा संस के नए चेयरमैन के सामने होंगी ये बड़ी चुनौतियां
टाटा संस के नए चेयरमैन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्हें कारोबार के विस्तार की जगह मौजूदा कारोबार की ग्रोथ और एग्जिक्यूशन पर फोकस करना होगा। सबसे बड़ा चैलेंज Air India को प्रॉफिट में लाने का है। कंपनी के सेमीकंडक्टर के नए ज्वाइंट वेंचर पर भी फोकस करना होगा। TCS, Tata Motors, Titan, Tata Power, Tata Consumer अपने-अपने क्षेत्र की दिग्गज कंपनियां हैं। टाटा समूह की ग्रोथ में इन कंपनियों की ग्रोथ की बड़ी भूमिका है।
टाटा समूह की कंपनियों में लाखों रिटेल इनवेस्टर्स का निवेश
टाटा समूह की कंपनियों खासकर TCS, Tata Steel, Titan, Tata Motors, Tata Consumer, Tata Capital, Tata Power, Tata Consumer जैसी कंपनियों में बड़ी संख्या में रिटेल इनवेस्टर्स ने निवेश किए हैं। उनकी करीबी नजरें समूह के घटनाक्रम पर हैं। 12 अगस्त को चंद्रशेखरन के इस्तीफे का असर टाटा समूह की कंपनियों के शेयरों पर पड़ा था। सबसे ज्यादा गिरावट टीसीएस के शेयरों में आई थी।
टाटा समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में दिखी रिकवरी
13 अगस्त को टाटा समूह की कंपनियों के शेयरों में रिकवरी दिखी। TCS का शेयर 1 बजे 0.52 फीसदी चढ़कर 2,362 रुपये पर चल रहा था। Titan का शेयर 1.45 फीसदी गिरकर 5,024 रुपये पर चल रहा था। टाटा स्टील का शेयर 1.30 फीसदी गिरकर 183 रुपये पर चल रहा था। Tata Motors PV का शेयर 1.69 फीसदी चढ़कर 348.80 रुपये पर चल रहा था। टाटा मोटर्स सीवी का शेयर 3.3 फीसदी चढ़कर 472 रुपये पर चल रहा था। Tata Consumer का शेयर 1.86 फीसदी के उछाल के साथ 1.081 रुपये पर चल रहा था।