Tejas Networks Share Price: टाटा ग्रुप की तेजस नेटवर्क्स ने निवेशकों को महज दो ही दिन में 40 फीसदी का रिटर्न दिया है। आज की बात करें तो इसके शेयर 20 फीसदी उछलकर अपर सर्किट पर पहुंच गए। यह जिस अपर सर्किट लेवल पर पहुंचा है, यह इसके शेयरों का रिकॉर्ड हाई लेवल है। कंपनी के शेयरों में यह तेजी मार्च तिमाही के शानदार नतीजे पर आई है। लगातार पांच तिमाही तक घाटे में रहने के बाद अब कंपनी मुनाफे में पहुंची है तो इसका जश्न शेयरों ने भी मनाया। BSE पर यह 20 फीसदी उछलकर 1,086.90 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी आई लेकिन फिर खरीदारों के जोश में फिर से अपर सर्किट पर आकर बंद हुआ।
Tejas Networks के लिए कैसी रही मार्च तिमाही
मार्च 2024 तिमाही में तेजस नेटवर्क्स को ₹146.8 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ है। साल भर पहले की समान तिमाही में कंपनी को ₹11.47 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 343 फीसदी बढ़ा। इसका EBITDA भी 306 करोड़ रुपये के पॉजिटिव लेवल पर रहा जबति पिछले साल की समान तिमाही में यह 8.2 करोड़ रुपये के निगेटिव लेवल पर था। तेजस नेटवर्क्स वायरलेस नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स डिजाइन कर बनाती है। मार्च 2024 के आखिरी तक मौजूद आंकड़ों के हिसाब से इसका ऑर्डर बुक करीब 8221 करोड़ रुपये का है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
तेजस नेटवर्क्स के शेयर पिछले साल 5 मई 2023 को 618.00 रुपये पर थे। यह इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस लेवल से 11 महीने में यह करीब 76 फीसदी उछलकर आज 23 अप्रैल 2024 को 1,086.90 रुपये पर पहुंच गया। यह इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।