Tata Motors CV के शेयर 5% उछले, नए 52-वीक हाई पर भाव, इंडोनेशिया से मिला रिकॉर्ड ऑर्डर

Tata Motors shares: टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस से जुड़े शेयरों में बुधवार 11 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी की इंडोनेशियाई इकाई को रिकॉर्ड ऑर्डर मिलने के बाद शेयर 5 प्रतिशत से अधिक चढ़कर 497.80 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई पर पहुंच गया

अपडेटेड Feb 11, 2026 पर 1:55 PM
Story continues below Advertisement
Tata Motors shares: टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल बिजनेस के शेयर NSE पर 335 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे

Tata Motors shares: टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल (CV) बिजनेस से जुड़े शेयरों में बुधवार 11 फरवरी को जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी की इंडोनेशियाई इकाई को रिकॉर्ड ऑर्डर मिलने के बाद शेयर 5 प्रतिशत से अधिक चढ़कर 497.80 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई पर पहुंच गया।

टाटा मोटर्स ने शेयर बाजारों को भेजी एक जानकारी में बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अप्रत्यक्ष सहायक कंपनी "पीटी टाटा मोटर्स डिस्ट्रीब्यूशन इंडोनेशिया" ने इंडोनेशिया में 70,000 वाहनों की सप्लाई के लिए समझौता किया है। यह इस सहायक कंपनी को मिला अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है।

इन वाहनों का इस्तेमाल कृषि गतिविधियों और ग्रामीण लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। इसमें खेत से बाजार तक ट्रांसपोर्टेशन और रिजनल माल ढुलाई शामिल है।


कंपनी के अनुसार, वह अपनी इंडोनेशियाई इकाई को 35,000 यूनिट Tata Yodha (पिक-अप) और 35,000 यूनिट Tata Ultra T.7 (ट्रक) की सप्लाई करेगी। इन वाहनों को PT Agrinas Pangan Nusantara को दिया जाएगा। यह इंडोनेशिया की सरकारी कंपनी है, जो एग्रीकल्चर सप्लाई चेन के आधुनिकीकरण और खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने पर काम कर रही है।

कृषि और ग्रामीण कनेक्टिविटी को मिलेगा बल

कंपनी ने बताया कि यह सप्लाई इंडोनेशिया की दो रणनीतिक परियोजनाओं के तहत की जाएगी, जिनके नाम कोपरासी देसा और केलुराहन मेराह पुतिह है। इन परियोजनाओं के तहत ये वाहन ग्रामीण कनेक्टिविटी, रोजगार और आर्थिक मजबूती को बढ़ावा देंगे।

टाटा मोटर्स का कहना है कि उसके ट्रक और पिक-अप को हर तरह की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संचालन के लिए डिजाइन किया गया है। ये वाहन लॉजिस्टिक्स लागत घटाने और देशभर में माल की कुशल आवाजाही सुनिश्चित करने में मदद करेंगे। इन वाहनों की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।

पीटी टाटा मोटर्स डिस्ट्रिबुसी इंडोनेशिया के डायरेक्टर आसिफ शमीम ने कहा कि यह ऑर्डर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय कमर्शियल वाहनों की स्वीकार्यता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि टाटा योद्धा और अल्ट्रा टी.7 अपने बेहतर परफॉर्मेंस, अधिक अपटाइम और किफायती संचालन के लिए तैयार किए गए हैं।

डिमर्जर के बाद CV कारोबार में तेजी

टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल बिजनेस के शेयर 12 नवंबर को NSE पर 335 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए थे। यह इसके 260.75 रुपये के डिस्कवर्ड प्राइस से करीब 28.5% प्रीमियम पर थे। लिस्टिंग के बाद से कमर्शियल व्हीकल बिजनेस के शेयरों में अब तक लगभग 49 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है।

इससे पहले, कंपनी ने अपने कमर्शियल व्हीकल और पैसेंजर व्हीकल कारोबार का अलग-अलग लिस्टिंग के जरिए डिमर्जर किया था। पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट के शेयर 14 अक्टूबर को 400 रुपये के स्तर पर सूचीबद्ध हुए थे।

यह भी पढ़ें- M&M Q3 Results: शुद्ध मुनाफा 47% बढ़कर ₹4,675 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू भी 21% उछला

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।