Tata Power Q1 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा पावर ने बुधवार 9 अगस्त को वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 29 प्रतिशत बढ़कर 1,140.97 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 883.54 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 21.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है क्योंकि मार्च तिमाही में इसका शुद्ध मुनाफा 938.81 करोड़ रुपये रहा था।
हालांकि टाटा पावर के रेवेन्यू में जून तिमाही के दौरान सिर्फ 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 14,982.55 करोड़ रुपये पर रहा। इसके पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 14,752.69 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 17.6 फीसदी रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 12,737.37 करोड़ रुपये रहा था।
टाटा पावर के सीईओ और एमडी के प्रवीर सिन्हा ने कहा, "सभी बिजनेस ग्रुप में मजबूत प्रदर्शन के दम पर हमने लगातार 15वीं तिमाही में मुनाफे में ग्रोथ हासिल की है। यह हमारी प्रभावी रणनीतियों, कारोबारी क्षमता और हमारे कर्मचारियों के शानदार कार्यों का नतीजा है।"
टाटा पावर का कंसॉलिडेटेड ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) जून तिमाही में 43 फीसदी बढ़कर 3,005 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,107 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने कहा कि मैथॉन पावर लिमिटेड को लेकर नियामक से सकारात्मक आदेश और मुंद्रा प्लांट में रिकवरी से उसे ऑपरेटिंग प्रॉफिट बढ़ाने में मदद मिली है।
टाटा पावर ने बुधवार को शेयर बाजार का कारोबार बंद होने के बाज नतीजे जारी किए। कंपनी के शेयर बुधवार को एनएसई पर 0.64 फीसदी बढ़कर 235.40 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल की शुरुआत से कंपनी के शेयरों में अबतक करीब 11.12 फीसदी की तेजी आई है।