TCS, Infosys, एचसीएल जैसे आईटी शेयरों ने डुबोया निवेशकों का पैसा, बीते 2 सालों में स्टॉक्स 32% तक लुढ़के

बीते दो सालों में सबसे ज्यादा 32 फीसदी गिरावट टीसीएस के शेयरों में आई है। इंफोसिस 17 फीसदी लुढ़का है। विप्रो में 13 फीसदी और एचसीएल टेक में 10 फीसदी गिरावट आई है। इससे आईटी शेयरों के निवेशकों को बड़ा नुकसान हुआ है

अपडेटेड Feb 12, 2026 पर 4:24 PM
Story continues below Advertisement
एंथ्रोपिक के नए आईटी टूल्स लॉन्च करने के बाद आईटी शेयरों में गिरावट बढ़ी है।

आईटी शेयरों ने बीते दो सालों में निवेशकों का पैसा डुबाया है। निफ्टी 50 में शामिल सभी आईटी कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन इस दौरान काफी खराब रहा। सबसे ज्यादा 32 फीसदी गिरावट टीसीएस के शेयरों में आई है। इंफोसिस 17 फीसदी लुढ़का है। विप्रो में 13 फीसदी और एचसीएल टेक में 10 फीसदी गिरावट आई है।

टेक महिंद्रा बीते दो साल में चढ़ने वाला अकेला आईटी शेयर

Tech Mahindra अकेला ऐसा आईटी शेयर है, जिसमें इस दौरान तेजी देखने को मिली है। यह शेयर बीते दो सालों में 19 फीसदी चढ़ा है। 12 फरवरी को भी आईटी शेयरों में गिरावट का सिलसिला जारी रहा। इसके निफ्टी आईटी इंडेक्स 5.51 फीसदी गिरकर 33,160.20 प्वाइंट्स पर बंद हुआ। यह सूचकांक बीते एक हफ्ते में करीब 9 फीसदी गिर चुका है। बीते एक महीने में यह 13 फीसदी से ज्यादा लुढ़का है।


12 फरवरी को भी आईटी शेयरों में गिरावट जारी रही

12 फरवरी को टीसीएस 5.49 फीसदी, इंफोसिस 5.84 फीसदी, एचसीएल टेक 4.87 फीसदी, विप्रो 4.67 फीसदी, एलटीआईमाइंडट्री 5.51 फीसदी, टेक महिंद्रा 5.98 फीसदी और पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के शेयर 4.75 फीसदी गिरकर बंद हुए। अमेरिकी स्टॉक्स एक्सचेंज में भी 11 फरवरी को माइक्रोसॉफ्ट सहित कई दिग्गज सॉफ्टेवयर कंपनियों के शेयर में गिरावट आई थी।

पहले आईटी पर कंपनियों के खर्च घटाने से पड़ा था दबाव 

रेलिगेयर ब्रोकिंग में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि अमेरिका जैसे बड़े मार्केट्स में कंपनियों के आईटी पर ज्यादा खर्च नहीं करने का असर आईटी कंपनियों के शेयरों पर पड़ा था। अब एआई टूल्स का असर पड़ने की आशंका से आईटी शेयरों में गिरावट आ रही है।

आईटी शेयरों में फिलहाल निवेश कम बनाए रखने की सलाह

उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि एआई के नए टूल्स एक बड़ा चैलेंज है, लेकिन आईटी कंपनियों को खारिज कर देना अभी जल्दबाजी होगी। इनवेस्टर्स को आईटी शेयरों में निवेश कम रखना चाहिए और आने वाली तिमाहियों में तस्वीर साफ होने का इंतजार करना चाहिए।

नए एआई टूल्स आने से आईटी कंपनियों पर असर पड़ने की आशंका

एंथ्रोपिक के नए एआई टूल्स लॉन्च करने के बाद आईटी शेयरों में गिरावट बढ़ी है। माना जा रहा है कि ये टूल्स ऐसे ज्यादातर काम कर सकते हैं, जो आईटी कंपनियां करती हैं। इससे आईटी कंपनियों में ज्यादा इंजीनियर्स की जरूरत नहीं रह जाएगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसका भारतीय आईटी कंपनियों पर ज्यादा असर पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें: IT Stocks: आप टीसीएस, इंफोसिस, विप्रो जैसे स्टॉक्स में फंसे हैं? जानिए बेचें, होल्ड करें या खरीदें

फिलहाल निवेशकों को आईटी शेयरों में क्या करना चाहिए?

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट रुचित जैन ने कहा कि Nifty IT Index ने 4 फरवरी को 36,000 प्वाइंट्स पर उपलब्ध 200-डे एक्स्पोनेंशियल मूविंग एवरेज का सपोर्ट तोड़ दिया था। यह ट्रेंड में बदलाव का संकेत था। तब से इस इंडेक्स में गिरावट जारी है। निवेशकों को तब तक आईटी शेयरों में नई खरीदारी से बचना चाहिए, जब तक ट्रेंड बदलने के स्पष्ट संकेत नहीं मिल जाते।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।