TCS Q1 Result, TCS Dividend: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का कारोबार जून तिमाही में कैसा रहा, इसकी जानकारी जल्द ही सामने आने वाली है। कंपनी ने इसके लिए दिन भी फिक्स कर दिया है कि कब रिजल्ट सामने आएंगे। वहीं कंपनी चालू वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अंतरिम डिविडेंड भी बांटेगी जिस पर बोर्ड की मंजूरी के लिए तारीख और रिकॉर्ड डेट भी फिक्स हो गया है। इन सबकी जानकारी कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में दे दी है। शेयरों की बात करें तो सोमवार को बीएसई पर यह 0.88 फीसदी की गिरावट के साथ 3271.40 रुपये पर बंद हुआ था।
TCS Q1 Results, TCS Dividend पर किस दिन होगा खुलासा
एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक टीसीएस अप्रैल-जून 2023 के वित्तीय नतीजे अगले हफ्ते 12 जुलाई यानी बुधवार को जारी करेगी। कंपनी ने फाइलिंग में जानकारी दी है कि टीसीएस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक बुधवार को होनी है और इसमें कंपनी के वित्तीय नतीजों और डिविडेंड पर बोर्ड की मंजूरी ली जाएगी। अंतरिम डिविडेंड को लेकर कंपनी ने जानकारी दी है कि अगर बोर्ड से इसकी मंजूरी मिलती है तो इसके लिए 20 जुलाई 2023 का रिकॉर्ड डेट रहेगा।
TCS Dividend History: अब तक कैसा रहा है रिकॉर्ड
डिविडेंड के मामले में टाटा ग्रुप (Tata Group) की आईटी कंपनी टीसीएस का रिकॉर्ड शानदार रहा है। पिछले वित्त वर्ष 2022-23 के लिए कंपनी ने शेयरधारकों को हर शेयर पर 115 रुपये का डिविडेंड बांटा था। यह कंपनी 2004 में लिस्ट हुई थी और तब से हर साल इसने शेयरहोल्डर्स को डिविडेंड बांटा है। 2004 में इसने 3 रुपये का अंतरिम डिविडेंड दिया था।
TCS के शेयरों ने कैसा दिया है रिटर्न
टीसीएस के शेयरों की बात करें तो इस वित्त वर्ष में अब तक यह 2 फीसदी मजबूत हुआ है। पिछले वित्त वर्ष 26 सितंबर 2022 को यह 2926 रुपये पर था जो इसका एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद पांच महीनों में यह 22 फीसदी उछलकर 16 फरवरी 2023 को एक साल के ऊंचे स्तर 3575 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इसकी यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई से अभी यह 8 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।